
‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ से जुड़ेंगे छात्र, CM धामी ने लॉन्च किया युवा विद्यार्थी मंथन पोर्टल
Uttarakhand News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के आधिकारिक पोर्टल का शुभारंभ किया। इसके साथ ही प्रदेश के विद्यालयी छात्र-छात्राओं के लिए ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड: एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता की शुरुआत भी हो गई।
मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन पोर्टल का शुभारंभ
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विद्यार्थियों को उत्तराखंड के भविष्य से जोड़ने के उद्देश्य से इस पहल की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन पोर्टल के माध्यम से स्कूली छात्र-छात्राओं को अपने विचार और विजन साझा करने का अवसर मिलेगा।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करना है। साथ ही उन्हें उत्तराखंड के विकास और भविष्य को लेकर अपनी कल्पना व्यक्त करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड’ निबंध प्रतियोगिता शुरू
कार्यक्रम के तहत ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड: एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता शुरू की गई है। इसमें प्रदेश के विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं हिस्सा ले सकेंगे।
विद्यार्थी अपने निबंध के जरिए बताएंगे कि वे आने वाले वर्षों में उत्तराखंड को किस रूप में देखना चाहते हैं। शिक्षा, रोजगार, पर्यटन, पर्यावरण, तकनीक, स्वास्थ्य और अन्य विकास के क्षेत्रों को लेकर विद्यार्थियों के विचार इस प्रतियोगिता का हिस्सा बन सकते हैं।
140 सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों को किया जाएगा सम्मानित
मुख्यमंत्री ने बताया कि निबंध प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 140 विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। सरकार की ओर से चयनित विद्यार्थियों को सम्मान के साथ उनके भविष्य की पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायता दी जाएगी।
यह भी पढ़ें…
न डिग्री, न बड़ी टीम… इंटरनेट से सीखा और बना दी उड़ने वाली कार!
NEET, JEE, CLAT और SAT की कोचिंग का खर्च उठाएगी सरकार
‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ की खास बात यह है कि चयनित 140 छात्र-छात्राओं को प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सरकारी सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन विद्यार्थियों की NEET, JEE, CLAT और SAT जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग का खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
इसके अलावा आवश्यक अन्य शुल्कों का वहन भी सरकार द्वारा किया जाएगा। इससे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी के लिए आर्थिक सहयोग मिल सकेगा।
यह भी पढ़ें…
यूरोपीय मॉडल पर विकसित होगा देहरादून? हेल्दी सिटी मॉडल पर तैयार हो रही महायोजना-2041
युवाओं को विकास की सोच से जोड़ने की पहल
‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ पोर्टल के जरिए विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच और उनके विजन को सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य युवाओं को केवल शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं तक सीमित रखने के बजाय उन्हें उत्तराखंड के विकास और भविष्य की जिम्मेदारियों से जोड़ना भी है।
मुख्यमंत्री धामी ने विद्यार्थियों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपने विचारों के माध्यम से एक विकसित और बेहतर उत्तराखंड की कल्पना प्रस्तुत करने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें…





