
राज्य स्तरीय ताइक्वांडो में सुल्तानपुर बना चैंपियन
Taekwondo Championship: उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में सुल्तानपुर ताइक्वांडो एसोसिएशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का समापन हो गया है। सुल्तानपुर के लोलेपुर स्थित मुस्तकीम पीजी कॉलेज में 11 से 13 सितंबर 2026 तक आयोजित इस भव्य प्रतियोगिता में सुल्तानपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
प्रतियोगिता में प्रदेश के 23 जिलों से आए लगभग 400 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपनी बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सुल्तानपुर पहले स्थान पर
कड़े मुकाबलों के बाद अंकों के आधार पर सुल्तानपुर ने 58 अंक हासिल कर प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, आगरा की टीम 55 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि सीतापुर की टीम ने 50 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। सुल्तानपुर ताइक्वांडो संघ के सचिव प्रणय चंद्र शुक्ला ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न भार वर्गों में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जिसमें सुल्तानपुर के एथलीटों ने अपने बेहतरीन दांव-पेच से सबसे ज्यादा पदक झटके।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधक मोहम्मद सलीम सेठ, प्रधानाचार्य मोहम्मद मजीद, उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो संघ के सचिव हरीश पाल और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट जियाउल हसमत विशेष रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, कोच और निर्णायकों ने मैचों का सफल संचालन कराया।
प्रतियोगिता के समापन के अवसर पर आयोजन सचिव प्रणय चंद्र शुक्ला ने आगामी योजनाओं की भी घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस सफल राज्य स्तरीय आयोजन के बाद अब उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो संघ की ओर से आगामी दिसंबर माह में राष्ट्रीय स्तर की ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।





