
Jewar Airport पहुंचे स्विस राष्ट्रपति गाइ परमेलिन, मंत्री सुनील शर्मा ने किया स्वागत
Jewar Airport Visit: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के विजन और औद्योगिक नीतियों के चलते राज्य में वैश्विक निवेश लगातार नए आयाम छू रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति महामहिम गाइ परमेलिन (Guy Parmelin) ने उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Jewar Airport) का दौरा किया।
जेवर एयरपोर्ट पहुंचने पर स्विस राष्ट्रपति और उनके उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से बेहद गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया गया।
पारंपरिक अंदाज में हुआ स्वागत
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के परिसर में पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स कैबिनेट मंत्री श्री सुनील शर्मा, नागरिक उड्डयन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं आईआईडीसी श्री दीपक कुमार और इन्वेस्ट यूपी के सीईओ श्री विजय किरण आनंद ने राष्ट्रपति गाइ परमेलिन और उनके प्रतिनिधिमंडल का पारंपरिक अंगवस्त्र पहनाकर अभिनंदन किया।
लगभग 65 सदस्यों वाले इस विशिष्ट स्विस प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रपति की पत्नी, स्विस राजदूत, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य, राज्य सचिव और करीब 40 दिग्गज उद्योगपति शामिल थे। दौरे की शुरुआत एनआईए कार्यालय से हुई, जहां अवनी बोर्ड रूम में एक विशेष प्रेजेंटेशन के दौरान राष्ट्रपति परमेलिन ने भी अपना संबोधन दिया। इसके बाद परिसर में भारतीय संगीत की मधुर धुनों के बीच स्विस मेहमानों के लिए पारंपरिक भारतीय लंच का आयोजन किया गया।
एयरसाइड और एटीसी टॉवर का निरीक्षण
लंच और ग्रुप फोटोग्राफी के बाद स्विस प्रतिनिधिमंडल ने एयरपोर्ट की अत्याधुनिक संरचना का बारीकी से निरीक्षण किया। राष्ट्रपति परमेलिन, उनकी पत्नी और चयनित अधिकारियों ने एयरसाइड और एटीसी टॉवर (Air Traffic Control Tower) का विशेष दौरा किया, जबकि प्रतिनिधिमंडल के बाकी सदस्यों ने टर्मिनल बिल्डिंग, सुरक्षा क्षेत्र, बोर्डिंग गेट्स, एप्रन और बैगेज रिक्लेम एरिया का विस्तृत जायजा लिया। सभी निरीक्षण कार्यों को पूरा करने के बाद यह दल निर्धारित समयानुसार एयरपोर्ट से रवाना हो गया।
राजनीतिक और आर्थिक दृष्टिकोण से यह दौरा बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण और विकास स्विस कंपनी ‘ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी’ की सहायक कंपनी द्वारा किया जा रहा है।
योगी सरकार की पारदर्शी नीतियों और आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के निरंतर प्रयासों से उत्तर प्रदेश आज ग्लोबल इन्वेस्टर्स के लिए नंबर वन पसंद बन चुका है। इस दौरे से राज्य में एविएशन के साथ-साथ आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में स्विस निवेश के नए रास्ते खुलने की पूरी उम्मीद है।




