बदसलूकी की शिकार महिला से मिलीं प्रियंका गांधी, ब्लॉक प्रमुख चुनाव रद्द करने की मांग

priyanka gandhi in lakhimpur kheeri

लखीमपुर खीरी। कांग्रेस महासचिव व उप्र प्रभारी प्रियंका गांधी शनिवार को लखनऊ से सीधे लखीमपुर खीरी के सेमरा घाट पहुंची। यहां पर उन्होंने पीड़ित महिलाओं से बात की और उन्हें मदद का भरोसा दिया।

मीडिया से बातचीत में प्रियंका गांधी ने कहा कि चुनाव लड़ने का लोकतांत्रिक अधिकार छीने गए हैं। वो महिलाएं मेरी बहन हैं, मैं अपनी बहनों से मिलने आई हूं। प्रियंका ने पसगवां ब्लॉक प्रमुख का चुनाव रद्द करने की मांग की।

प्रियंका गांधी ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन चुनावों में जीत की तारीफ की, जहां हिंसा हुई और बम चले। उन्होंने 20 मिनट तक पसगवां कांड की पीड़िताओं से बात की। प्रियंका का काफिला 11:20 पर सेमरा पहुंचा।

उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और प्रवक्ता सुधांशु वाजपेयी भी थे। प्रियंका कार से उतरकर सीधे घर में गईं। बन्द कमरे में पीड़िताओं से बात की। पुलिस ने तमाम कार्यकर्ताओं को गेट पर रोक दिया।

बता दें कि ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में पसगवां में सपा की प्रत्याशी व महिला प्रस्तावक के साथ अभद्रता व कपड़े फाड़ने का मामला गर्माया था।

इससे पहले प्रियंका गांधी शुक्रवार को राजधानी लखनऊ आईं। प्रियंका ने लखनऊ के हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर मौन धरना रख योगी सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।

लेकिन बगैर सूचना और इजाज़त के धरना देने पर ऐक्शन लेते हुए हजरतगंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज करा ली है। हजरतगंज पुलिस की दर्ज एफआईआर में हालांकि प्रियंका गांधी को सीधेतौर पर आरोपी नहीं बनाया गया है।

Back to top button