
ईरान-अमेरिका में फिर बढ़ा तनाव! होर्मुज में माइंस से टकराया सुपर टैंकर
US Iran War: Hormuz जलडमरूमध्य में दो समुद्री माइंस से टकराने के बाद सुपर टैंकर में लगी आग, इंजन हुआ बंद; अमेरिकी सेना ने ईरान के लारक द्वीप पर रॉकेट लॉन्चरों को बनाया निशाना
US Iran War Attack: ईरान और अमेरिका के बीच एक महीने से जारी अपेक्षाकृत शांति के बाद तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। इसी बीच रणनीतिक रूप से बेहद अहम होर्मुज जलडमरूमध्य में एक सुपर टैंकर के दो समुद्री माइंस से टकराने के बाद आग लग गई और जहाज पूरी तरह रुक गया। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने सोमवार को यह जानकारी दी।
IRGC के मुताबिक, टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिणी हिस्से में उस समुद्री मार्ग से गुजरने की कोशिश कर रहा था, जिसे ईरान ने अधिकृत नहीं किया था। इसी दौरान जहाज दो समुद्री माइंस की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद जहाज में भीषण आग लग गई और वह पूरी तरह रुक गया। अभी तक टैंकर के नाम, चालक दल की स्थिति या नुकसान की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
अमेरिका ने एक महीने बाद फिर किया हमला
टैंकर हादसे से पहले ही अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ चुका था। अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के लारक द्वीप पर रॉकेट लॉन्चरों को निशाना बनाया। यह करीब एक महीने बाद ईरान के खिलाफ अमेरिका की पहली सैन्य कार्रवाई बताई जा रही है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, इन लॉन्चरों से समुद्री माइंस दागे जाने की तैयारी की जा रही थी, जिससे अंतरराष्ट्रीय शिपिंग को खतरा पैदा हो सकता था।
अमेरिकी हमले के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई की। ईरान ने अमेरिका से जुड़े ठिकानों पर मिसाइल हमले किए जाने की बात कही, जबकि जॉर्डन ने कई मिसाइलों को intercept करने का दावा किया। इस घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के बीच संघर्ष के फिर तेज होने की आशंका बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें…
नेपाल जल प्रलय:अब तक 903 शव बरामद, 4247 लापता
Hormuz पर क्यों है पूरी दुनिया की नजर?
होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री ऊर्जा मार्गों में से एक है। यहां किसी भी तरह का सैन्य तनाव या जहाजों की आवाजाही में रुकावट वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति को प्रभावित कर सकती है।
अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष में होर्मुज पहले से ही प्रमुख रणनीतिक मोर्चा बना हुआ है। अमेरिकी सेना का दावा है कि उसने अंतरराष्ट्रीय शिपिंग लेन से समुद्री माइंस हटाने का अभियान चलाया है। वहीं ईरान ने जहाजों के लिए अपने निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने की चेतावनी दी है।
यह भी पढ़ें…
हिंदू शब्द किसी एक पूजा-पद्धति तक सीमित नहीं:मोहन भागवत
टैंकर हादसे से बढ़ी चिंता
सुपर टैंकर के माइंस से टकराने और आग लगने की घटना ने होर्मुज से गुजरने वाले दूसरे जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने चेतावनी दी है कि उसके बताए सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य जहाजों को भी इसी तरह के जोखिम का सामना करना पड़ सकता है।
इस घटनाक्रम ने साफ कर दिया है कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव भले ही कुछ समय के लिए शांत रहा हो, लेकिन होर्मुज जलडमरूमध्य अब भी संघर्ष का बेहद संवेदनशील केंद्र बना हुआ है। अमेरिकी हमले और ईरानी जवाबी कार्रवाई के बाद आने वाले दिनों में समुद्री यातायात और वैश्विक ऊर्जा बाजार पर इसका असर महत्वपूर्ण हो सकता है।
यह भी पढ़ें…





