कोरोना: चिंता में डाल रहे हैं दैनिक मामले, बीते 24 घंटों में 16,577 नए केस

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के दैनिक मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है बीते 24 घंटों में 16,577 नए मामले सामने आए और 120 लोगों की मौत हो गई।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए इन आंकड़ों के बाद  अब तक देश में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1 करोड़ 10 लाख 63 हजार 4 सौ 91 हो गया। वहीं संक्रमण से स्वस्थ होने वालों का कुल आंकड़ा 1 करोड़ 7 लाख 50 हजार 6 सौ 80 है।

दूसरी ओर देश के विभिन्न राज्यों में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए फरीदाबाद प्रशासन ने गुरुवार को 15 नए कंटेनमेंट जोन की घोषणा की है।

इन इलाकों में अनिवार्य सेवाओं में लगे लोगों को छोड़कर अन्य किसी के भी जाने पर पाबंदी रहेगी। इसके अलावा लोगों को मास्क लगाना अनिवार्य रहेगा। कंटेनमेंट जोन की यह सूची पुराने जोन को रिवाइव करते हुए जारी की गई है। 

इस महामारी के संक्रमण के कारण अब तक 1 लाख 56 हजार 8 सौ 25 लोगों की मौत हो चुकी है और देश में फिलहाल सक्रिय मामलों का आंकड़ा 1 लाख 55 हजार 9 सौ 86 है।

बता दें कि देश में 16 जनवरी से कोविड-19 वैक्सीनेशन की शुरुआत हुई और अब तक कुल 1 करोड़ 34 लाख 72 हजार 6 सौ 43 लोगों को वैक्सीन की खुराक दी गई है।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) की माने तो भारत में कल तक कोरोना वायरस के लिए कुल 21 करोड़ 46 लाख 61 हजार 4 सौ 65 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से 8,31,807 सैंपल कल टेस्ट किए गए।

Back to top button