बेकाबू सैलाब: उप्र व उत्तराखंड सहित कई राज्यों में बाढ़ से तबाही, जनजीवन अस्त-व्यस्त

बाढ़ से तबाही

नई दिल्ली। भारी बारिश के कारण आई बाढ़ ने देश के कई राज्यों में तबाही मचा रखी है। मूसलाधार बारिश से लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुजरात, उत्तराखंड, हिमाचल और उत्तर प्रदेश में स्थिति बेकाबू होती जा रही है।

आफत की इस बारिश के चलते असम, बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों से हजारों लोगों को विस्थापित होना पड़ा। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ रही है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से ताजा अपडेट में इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि 1 जून को देश में मानसून आने के बाद से कई राज्य बाढ़ की गिरफ्त में हैं।

भारी बारिश के चलते आई बाढ़ की वजह से गुजरात के कई जिले पूरी तरह डूब गए हैं। आलम यह है कि कुछ इलाकों में तो सड़कों पर पानी का सैलाब नजर आ रहा है। मकान-दुकान, रेलवे ट्रैक सब डूब हुए नजर आए।

उत्तराखंड में भूस्खलन होने से कई रास्ते और हाइवे बंद हो गए। इसके अलावा महाराष्ट्र के पालघर और पुणे समेत कई बड़े जिलों में आज फिर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यहां पर कई कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों को रोज के काम करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बिहार के खगड़िया में बाढ़ से मची तबाही

बिहार में भी बाढ़ से बुरी तबाही मची हुई है। विनाशकारी बाढ़ से खगड़िया जिले में 57 के करीब सड़कें क्षतिग्रस्त हो गईं। चौथम, बेलदौर से लेकर सुदूर परबत्ता के माधवपुर की सड़कें बाढ़ में बह गईं। कई गांवों के लोग अब आवागमन का संकट झेलने को विवश हो रहे हैं।

Back to top button