पंजाब: चरणजीत सिंह चन्नी ने शपथ लेने से पहले श्री चमकौर साहिब में टेका माथा

jagran
punjab new CM charanjeet singh channi

चंडीगढ़। पंजाब के नए मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने मुख्‍यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले श्री चमकौर साहिब में माथा टेका। उनके साथ परिवार भी था। वह आज शपथ लेंगे।

यह भी चर्चा चल रही है कि उनके साथ दो उप-मुख्यमंत्री भी शपथ ले सकते हैं। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

शपथ लेने से पूर्व चरणजीत चन्नी आज अपने खरड स्थित निवास से गुरुद्वारा कतलगढ़ साहिब चमकौर साहिब के लिए रवाना हुए। उन्‍होंने अपने परिवार के साथ गुरुद्वारा साहब में माथा टेका।

वह अपनी गाड़ी खुद चला कर चमकौर साहिब पहुंचे। चरणजीत सिंह चन्नी चमकौर साहब से ही विधायक हैं। माना जा रहा है कि जब नए कैबिनेट का गठन होगा तब उप-मुख्यमंत्री भी बनाए जाएंगे।

कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद पंजाब कैबिनेट भंग हो गई है। अब नए सिरे से कैबिनेट का गठन किया जाएगा। चन्‍नी पंजाब के पहले दलित (रामदासिया सिख) और पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री होंगे।

जानकारी के अनुसार पूर्व स्थानीय निकाय मंत्री व कांग्रेस के सबसे वरिष्ठ नेता ब्रह्म मोहिंद्रा डिप्टी सीएम की दौड़ में सबसे आगे है। मोहिंद्रा खुद भी डिप्टी सीएम बनना चाहते है।

चूंकि प्रदेश की कमान जट्ट सिख नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री की कुर्सी पर दलित सिख को बैठाने के बाद एक हिंदू नेता के रूप में मोहिंद्रा की दावेदारी बढ़ जाती है। कांग्रेस पार्टी हिंदू को भी प्रतिनिधित्व देना चाहती है।

वहीं, रविवार देर शाम तक मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में चल रहे सुखजिंदर सिंह रंधावा अब डिप्टी सीएम की दौड़ में शामिल हो गए है। शनिवार को रंधावा सुनील जाखड़ का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए आने पर डिप्टी सीएम बनने को तैयार नहीं थे।

Back to top button