हिप्र उपचुनाव: भाजपा को तगड़ा झटका, कांग्रेस ने लहराया परचम

शिमला। हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा और लोकसभा की एक सीट के लिए हुए उपचुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा को तगड़ा झटका लगा है।

प्रदेश की मंडी संसदीय सीट सहित जुब्बल-कोटखाई व फतेहपुर सीट विधानसभा पर कांग्रेस ने विजय दर्ज की है जबकि अर्की विधानसभा सीट से भी कांग्रेस प्रत्याशी की जीत तय मानी जा रही है।

प्राप्त समाचार के अनुसार मंडी संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह करीब 8766 वोटों से चुनाव जीत गई हैं। 

उन्होंने करीब 365650 वोट हासिल किए। जबकि भाजपा प्रत्याशी कुशाल सिंह ठाकुर को 356884 वोट मिले। उपचुनाव में कुल 742771 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इनमें से 12626 ने नोटा दबाया।

जुब्बल-कोटखाई विधानसभा उपचुनाव में भी कांग्रेस ने बाजी मार ली है। अंतिम राउंड में इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर ने 6103 मतों से आगे रहे।

वहीं, निर्दलीय प्रत्याशी चेतन बरागटा को 23344 वोट मिले। भाजपा की नीलम सरैइक को 2584 और निर्दलीय प्रत्याशी सुमन कदम को 170 वोट मिले। नोटा 172 है। रोहित ठाकुर की बढ़त को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया है।

फतेहपुर सीट से कांग्रेस उमीदवार भवानी सिंह पठानिया 5789 वोटों से चुनाव जीत गए हैं। 24 चरणों की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी बलदेव ठाकुर को 18660, भवानी सिंह पठानिया को 24449,  

जनक्रांति पार्टी के पंकज दर्शी 375, अशोक सोमल(निर्दलीय) को 295 और निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. राजन सुशांत को 12927 वोट मिले। वहीं 389  ने नोटा दबाया।  अर्की विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी संजय अवस्थी की जीत तय मानी जा रही है। 

Back to top button