उप्र विस चुनाव: एक और सर्वे में भाजपा की बड़ी जीत का दावा, प्रियंका गांधी बेअसर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों के लिए बिसात बिछनी शुरू हो गई है क्योंकि चुनावों में अब ज्यादा समय शेष नहीं है। इन सबके बीच चुनावी अनुमानों को बताने वाला सर्वे भी जारी है।

कुछ समय पूर एबीपी न्यूज के सर्वे में भाजपा की सरकार बनने का दावा किया गया था। अब एक और सर्वे में भी भाजपा की बड़ी जीत का अनुमान लगाया गया है। टाइम्स नाउ-पोलस्ट्रैक के ओपिनियन पोल में यूपी में भाजपा को 239 से 245 सीटें जीतने का अनुमान लगाया गया है।

यदि ऐसा हुआ तो 403 विधानसभा सीटों वाले यूपी में भाजपा को एक बार फिर से स्पष्ट बहुमत मिल जाएगा। 2017 के चुनाव में पार्टी ने 300 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करके बड़े बहुमत के साथ सत्ता हासिल की थी।

टाइम्स नाउ के सर्वे के मुताबिक अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी 119 से 125 सीटों पर ही अटक जाएगी।

बीएसपी एक बार फिर बेअसर साबित होने वाली है और उसे महज 28-32 सीटें ही मिलने का अनुमान है। लखीमपुर खीरी, हाथरस कांड में चर्चा बटोरने वालीं प्रियंका गांधी की सक्रियता भी असर डालती नहीं दिख रही है।

सर्वे के अनुसार कांग्रेस के लिए दहाई का आंकड़ा पार करना भी मुश्किल है। सर्वे के मुताबिक पश्चिम यूपी, दोआब जैसे क्षेत्रों में भी भाजपा सबसे आगे निकलती दिख रही है, जहां उसके कमजोर होने की बातें कही जा रही थीं।

आइए जानते हैं, किस क्षेत्र के लिए क्या है अनुमान-

बुंदेलखंड में भाजपा का जलवा

बुंदेलखंड में भाजपा एक बार फिर से परचम लहराती दिख रही है। सर्वे के अनुसार बुंदेलखंड की 19 में से 15 से 17 सीटें भाजपा के खाते में जा सकती है। सपा महज एक सीट पर ही सिमट सकती है। जबकि बसपा को 2-5 और कांग्रेस को 1-2 सीटें मिलने का अनुमान है।

दोआब में भी भाजपा को बड़ी बढ़त

यूपी का दोआब क्षेत्र भी भाजपा की राजनीति के लिए ही उर्वर दिख रहा है। यहां भगवा दल को 71 में से 37-40 सीटें मिल सकती हैं। सपा को 26-28 सीटें और बसपा को 4 से 6 सीटें मिल सकती हैं। प्रियंका गांधी की बड़ी सक्रियता के बाद भी कांग्रेस को 0-2 सीट ही मिलने का अनुमान है।

पूर्वांचल में भाजपा को मिल रहीं 50 फीसदी सीटें

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे वाले इलाके में कुल 92 सीटें हैं और यहां भाजपा 50 फीसदी से ज्यादा सीटें हासिल करती दिख रही है। सर्वे के मुताबिक यहां भाजपा को 47 से 50 सीटें मिल सकती हैं। सपा को महज 31-35 सीटों से ही संतोष करना पड़ सकता है।

पश्चिम यूपी में भाजपा नुकसान के बाद भी आगे

पश्चिम उत्तर प्रदेश में भाजपा को 40-42 सीटें मिल सकती हैं। इसके अलावा समाजवादी पार्टी को 21-24 सीटें मिल सकती हैं। बसपा को 2-3 सीटें ही मिलने का अनुमान है। पश्चिम यूपी वह इलाका है, जहां भाजपा को किसान आंदोलन से नुकसान पहुंचने की बातें की जा रही हैं।

अवध में फिर भाजपा का परचम

अवध की बात करें तो यहां भाजपा 69-72 सीटें पा सकती हैं। सपा को महज 23-26 सीटें ही मिलने का अनुमान है। बसपा को 7-10 सीटें मिल सकती हैं। अवध में कुल 101 विधानसभा सीटें हैं और पिछली बार भाजपा ने यहां 84 सीटें हासिल की थीं।

Back to top button