कोरोना: पिछले 24 घंटों में 9,110 नए मामले, रिकवरी दर 97.05 फीसदी

नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के मामलों में गिरावट का दौर जारी है। पिछले 24 घंटों में संक्रमण के सिर्फ 9,110 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 78 लोगों की मौत हुई है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना के पॉजिटिव मामलों की संख्या एक करोड़ आठ लाख 47 हजार 304 पहुंच गई है। इनमें से एक लाख 55 हजार 158 लोगों की मौत हो चुकी है।
देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब एक लाख 43 हजार 625 है और कुल डिस्चार्ज हुए मामलों की संख्या एक करोड़ पांच लाख 48 हजार 521 है।
बता दें कि कोरोना रिकवरी दर बढ़कर अब 97.05 फीसदी हो गई है, जबकि मृत्यु दर घटकर 1.43 फीसदी हो गई है। कुल 31 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में पांच हजार से कम सक्रिय मामले हैं।
वहीं, कुल सक्रिय मामलों में से 79.69 फीसदी पांच राज्यों/ केंद्रशासित प्रदेशों से हैं। अकेले भारत के कुल सक्रिय मामलों में से संचयी रूप से (69.41 फीसदी) दो राज्यों केरल और महाराष्ट्र से हैं।
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने जानकारी दी है कि भारत में कल तक कोरोना वायरस के लिए कुल 20 करोड़ 25 लाख 87 हजार 752 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं, जिनमें से छह लाख 87 हजार 138 सैंपल कल टेस्ट किए गए।
देश में अब तक करीब साढ़े 62 लाख 59 हजार 8 लोगों को कोरोना वैक्सीन लग चुकी है। टीकाकरण कार्यक्रम के तहत सबसे पहले स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जा रहा है।
