उत्तराखंड को आज मिलेगा नया सीएम, तीन बजे है विधायक दल की बैठक; चर्चा में हैं ये नाम

teerath singh rawat dhan singh rawat satpal maharaj

देहरादून। उत्तराखंड में एकबार फिर से नेतृत्व परिवर्तन होने जा रहा है। प्रदेश को आज 11 वां सीएम मिलेगा। दोपहर तीन बजे भाजपा विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम का एलान होगा।

इसके लिए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर पर्यवेक्षक का रूप में देहरादून के लिए रवाना हो गए हैं। आपको बता दें कि शुक्रवार देर रात मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को अपना इस्तीफा सौंपा था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि पर्यवेक्षक व प्रभारी सुबह करीब साढ़े दस बजे देहरादून पहुंचेंगे।

उन्होंने बताया कि दोपहर तीन बजे विधानसभा की बैठक में नेता (सीएम) का चुनाव किया जाएगा। उसके बाद, सरकार गठन के लिए राज्यपाल से मिलेंगे। संभव है कि सीएम विधायकों में हों।

अभी मुख्यमंत्री पद के लिए राजनीतिक गलियारों में विधायकों के बीच से चार संभावित नाम चर्चा में हैं। इनमें त्रिवेंद्र और फिर तीरथ मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. धन सिंह रावत के अलावा कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल, विधायक पुष्कर सिंह धामी और ऋतु खंडूड़ी भूषण के नाम मुख्य हैं।

यह बात अलग है कि इनसे इतर भी कोई अन्य बाजी मार सकता है। पिछले नेतृत्व परिवर्तन की भांति मुख्यमंत्री के नाम को लेकर भाजपा हाईकमान अगर इस बार भी चौंकाने पर आया, तो गैर विधायकों पर भी भाजपा दांव खेल सकती है।

सांसदों में से किसी को जिम्मेदारी सौंपने पर यह सूरत बन सकती है कि वे बतौर मुख्यमंत्री छह माह का कार्यकाल पूरा करने से दो माह पहले विधानसभा को भंग कर चुनाव की सिफारिश कर दें।

ऐसे में केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी, सांसद अजय भट्ट व अजय टम्टा के नामों पर केंद्रीय नेतृत्व विचार कर सकता है।

Back to top button