
बुनकरों की नई पीढ़ी को परंपरागत व्यवसाय से जोड़ने में करेंगे मदद:राकेश सचान
बुनकरों को उपलब्ध कराएंगे सरकारी खरीद का बड़ा बाजार
Minister Rakesh Sachan Lucknow: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग क्षेत्र को मजबूत करने तथा प्रदेश के बुनकरों को उनके उत्पादों के लिए स्थायी एवं सुनिश्चित बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठा रही है। इसी क्रम में सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों एवं अन्य चिकित्सा संस्थानों में हथकरघा निर्मित बेडशीट, तकिया कवर एवं गॉज बैंडेज क्लॉथ की खरीद एवं आपूर्ति की व्यवस्था को अंतिम रूप देने की कार्यवाही तेजी से आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय हथकरघा दिवस कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग सहित सरकारी विभागों एवं शासकीय उपक्रमों में प्रमुख रूप से प्रयुक्त होने वाले बेडशीट एवं गॉज बैंडेज की खरीद सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित अधिकारियों के साथ सरकारी संस्थानों की आवश्यकताओं, उत्पादों की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों, मांग एवं आपूर्ति की प्रक्रिया तथा समयबद्ध क्रय व्यवस्था पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
मंत्री राकेश सचान ने कहा कि योगी सरकार का उद्देश्य हथकरघा उत्पादों की सरकारी खरीद को केवल एक क्रय प्रक्रिया तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से प्रदेश के बुनकर परिवारों को निरंतर रोजगार, स्थायी बाजार और आर्थिक मजबूती प्रदान करना है। सरकारी संस्थानों में प्रदेश के स्थानीय बुनकरों द्वारा निर्मित गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की खरीद बढ़ने से बुनकरों के उत्पादों को बड़ा बाजार मिलेगा और बुनकरी क्षेत्र को नई गति प्राप्त होगी।
मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण उत्पादन
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत उत्तर प्रदेश राज्य हथकरघा निगम लिमिटेड के माध्यम से सरकारी अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों एवं अन्य संबंधित चिकित्सा संस्थानों में आवश्यकता के अनुसार बेडशीट, तकिया कवर एवं गॉज बैंडेज क्लॉथ की आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसके लिए प्रदेश के बुनकरों एवं बुनकर सहकारी समितियों से निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण उत्पादन कराया जाएगा।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी संस्थानों को उपलब्ध कराए जाने वाले सभी उत्पाद निर्धारित विशिष्टियों एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप होने चाहिए। इसके लिए गुणवत्ता परीक्षण, दर निर्धारण, मांग प्राप्त करने, क्रय आदेश जारी करने, भुगतान तथा समयबद्ध आपूर्ति की प्रक्रिया को स्पष्ट और प्रभावी बनाया जाए, ताकि सरकारी संस्थानों की आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ बुनकरों को नियमित बाजार उपलब्ध कराया जा सके।
मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में बुनकर परिवार हथकरघा व्यवसाय से जुड़े हैं। उन्हें सरकारी खरीद के माध्यम से सुनिश्चित बाजार उपलब्ध होने से उनके उत्पादों की मांग बढ़ेगी और रोजगार के अवसर मजबूत होंगे। उन्होंने कहा कि बुनकरों को अपने उत्पाद की सुनिश्चित बिक्री और बाजार मिलेगा तो परंपरागत बुनकरी व्यवसाय से प्रदेश की युवा पीढ़ी को जोड़ने में भी मदद मिलेगी। इससे प्रदेश की समृद्ध हथकरघा परंपरा को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
बैठक में प्रमुख सचिव हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग अनिल सागर, विशेष सचिव शेषमणि पांडेय, संयुक्त आयुक्त पी. सी. ठाकुर सहित चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





