
वृक्षारोपण से वायु गुणवत्ता बेहतर, ग्लोबल वार्मिंग को कम करने में मिलेगी मदद:खन्ना
प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने वीर बहादुर सिंह पार्क में किया वृक्षारोपण
Suresh Khanna, Minister of Finance Parliamentary Affairs, Uttar Pradesh Lucknow: उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जनपद लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने इंदिरा भवन के सामने स्थित वीर बहादुर सिंह पार्क में पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और लखनऊ को स्वच्छ, सुंदर एवं हरा-भरा बनाने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण किए जाने का आह्वान किया।
प्रभारी मंत्री ने पार्क का निरीक्षण करते हुए वहां की प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी 10 अक्टूबर तक पार्क में समुचित प्रकाश व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कर ली जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
लखनऊ की वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ:मंत्री
श्री खन्ना ने कहा कि पूर्व में लखनऊ को वायु गुणवत्ता सूचकांक से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा था, लेकिन नगर निगम लखनऊ तथा विभिन्न संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों से आज शहर की वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि को बनाए रखने और वायु गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर वृक्षारोपण तथा पौधों का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।
प्रभारी मंत्री ने बताया कि नगर निगम लखनऊ द्वारा प्रत्येक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। लखनऊ की महापौर और नगर निगम की पूरी टीम इस अभियान के प्रति प्रतिबद्ध है। हमारा लक्ष्य है कि प्रत्येक मंगलवार को अधिक से अधिक पौधे लगाए जाएं और रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के माध्यम से ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव को कम किया जा सकता है। अधिक संख्या में पेड़-पौधे लगाए जाने से लखनऊ की हवा स्वच्छ होगी, पर्यावरण संतुलन मजबूत होगा और वायु गुणवत्ता सूचकांक को भी बेहतर बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
श्री खन्ना ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार अथवा किसी एक संस्था का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण एक ऐसा पुनीत और अनुकरणीय कार्य है, जिसमें समाज के सभी वर्गों को बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेने की भी अपील की।





