अयोध्या में राम मंदिर निर्माण से जमीन के दाम में ज़बरदस्त उछाल, निवेशकों को फायदा

Ayodhya News: अयोध्या में राम मंदिर निर्माण न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनकर उभरा है, बल्कि इसने शहर की आर्थिक और सामाजिक तस्वीर में भी क्रांतिकारी बदलाव ला दिया है। मंदिर निर्माण से पहले अयोध्या में जमीनों के दाम अपेक्षाकृत स्थिर थे, लेकिन अब मंदिर के आसपास के इलाकों में जमीनों के सर्किल रेट में 200 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई है।

भूमि के दामों में जबरदस्त वृद्धि
2019 में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद राम मंदिर का निर्माण शुरू हुआ और अयोध्या के व्यापक विकास की प्रक्रिया भी तेज हुई। पहले राम मंदिर इलाके में जमीन का सर्किल रेट 6,650 से 6,975 रुपये प्रति वर्ग मीटर था, जबकि अब यह बढ़कर 26,600 से 27,900 रुपये प्रति वर्ग मीटर तक पहुंच गया है। मंदिर निर्माण, धार्मिक पर्यटन में तेजी, प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के आगमन और स्थानीय विकास की योजनाओं ने जमीन की मांग में अप्रत्याशित वृद्धि की।

कृषि भूमि के दामों में उछाल
मंदिर निर्माण का प्रभाव केवल शहरी इलाकों तक सीमित नहीं रहा। अयोध्या के आसपास के गांवों में कृषि भूमि के रेट में भी भारी उछाल देखा गया। उदाहरण के लिए, तिरुह माजा गांव में कृषि भूमि का सर्किल रेट पहले 11 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर था, जो अब 33 लाख से 69 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर तक पहुंच गया है। इस उछाल से न केवल जमीन मालिकों को लाभ हो रहा है, बल्कि निवेशकों के लिए भी अयोध्या आकर्षक निवेश स्थल बन गया है।

यह भी पढ़ें…

UP में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत… पहली दिसंबर से शुरू होगी विशेष अभियान

निवेशकों और व्यवसायियों की बढ़ती रूचि
स्थानीय निवेशक राघवेंद्र शुक्ला के अनुसार, राम मंदिर बनने के बाद अयोध्या में निवेशकों और व्यापारियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। लोग अब अपने घर बनाने, होटल या अन्य व्यवसाय स्थापित करने के लिए अयोध्या आ रहे हैं। अयोध्या में होटल इंडस्ट्री को भी पंख लग रहे हैं और भविष्य में कई बड़े होटल संचालित होंगे। एयरपोर्ट और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास ने भी निवेशकों को आकर्षित किया है।

निवेशक मुकेश मिश्रा ने कहा कि पहले लोग अयोध्या में निवेश करने से कतराते थे, लेकिन अब मंदिर के निर्माण और विकास के कारण अयोध्या निवेश का प्रमुख केंद्र बन गया है। सर्किल रेट में वृद्धि से निवेशकों को बड़ा लाभ मिल रहा है, जबकि जमीन मालिक भी अपनी संपत्ति का सही मूल्य पा रहे हैं।

यह भी पढ़ें…

UP में नई भूखंड नीति… औद्योगिक प्लॉट के आबंटन में बड़ा बदलाव

अयोध्या का बदलता स्वरूप
राम मंदिर के निर्माण ने अयोध्या को केवल धार्मिक नगरी ही नहीं बल्कि पर्यटन और निवेश के दृष्टिकोण से भी नई पहचान दी है। मंदिर के आसपास के इलाकों में रियल एस्टेट, होटल व्यवसाय और अन्य सेवाओं में तेजी आई है। श्रद्धालुओं के बढ़ते आगमन और अंतरराष्ट्रीय निवेश से अयोध्या का चेहरा तेजी से बदल रहा है।

इस प्रकार राम मंदिर का निर्माण धार्मिक, आर्थिक और सामाजिक दृष्टि से अयोध्या के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रहा है। मंदिर निर्माण ने न केवल श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों के लिए अवसर बढ़ाए हैं, बल्कि निवेशकों और व्यवसायियों के लिए भी अयोध्या को आकर्षक बनाकर रखा है।

यह भी पढ़ें…

UP News: ओवरब्रिज तोड़ते हुए रेलवे ट्रैक पर गिरा डंपर, बाराबंकी में टला हादसा

Back to top button