पटना में खेत में बिछे नंगे बिजली तार की चपेट में आए दो मजदूर, करंट से मौत

फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत के चारों ओर कथित तौर पर बिछाया गया था नंगा बिजली का तार, अंधेरे में गुजरते समय हुआ हादसा; एक मृतक की पहचान हुई, दूसरे की शिनाख्त का प्रयास जारी।

Patna: बिहार की राजधानी पटना में फसल को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेत में बिछाया गया कथित नंगा बिजली का तार दो मजदूरों की जान ले बैठा। बुधवार रात फुलवारी शरीफ के जानीपुर और नौबतपुर थाना क्षेत्र की सीमा पर कोरा और शेखोपुर टोला के बहियार में दोनों मजदूर करंट की चपेट में आ गए। तेज करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

खेत में बिछा था नंगा बिजली का तार
जानकारी के मुताबिक, जंगली जानवरों से फसल को बचाने के लिए खेत के चारों ओर नंगा बिजली का तार बिछाया गया था। इसमें करंट प्रवाहित किया जा रहा था। दोनों मजदूरों को इसकी जानकारी नहीं थी। बुधवार रात अंधेरे में खेत के रास्ते से गुजरने के दौरान वे तार के संपर्क में आ गए।

करंट इतना तेज था कि दोनों मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद दोनों के शव खेत में पड़े मिले।

एक मृतक की हुई पहचान
मृतकों में एक की पहचान रामपुर फरीदपुर पंचायत के कोरा गांव निवासी चिंटू कुमार (19) के रूप में हुई है। वह दीना मोची का पुत्र था और स्थानीय स्तर पर मजदूरी कर अपने परिवार के भरण-पोषण में मदद करता था।

हादसे की खबर मिलते ही चिंटू के घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी मातम का माहौल है।

यह भी पढ़ें…

Jharkhand: बड़गाईं भूमि Case में CM Hemant Soren पर आरोप तय

दूसरे मजदूर की पहचान नहीं
दूसरे मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। वह बाहरी मजदूर था और ग्रीन सिटी इलाके में निर्माण कार्य में मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम वह इलाके में काम की तलाश में आया था।

हादसे के बाद से उसके नाम और घर के पते की जानकारी नहीं मिल सकी है। निर्माणाधीन भवन के मालिक और ठेकेदार उसकी पहचान और परिजनों के बारे में जानकारी जुटाने में लगे हैं, ताकि परिवार को घटना की सूचना दी जा सके।

यह भी पढ़ें…

Bihar News: सरकारी स्कूल में भरभराकर गिरी सीढ़ी, नौ साल की छात्रा की मौत

पुलिस ने शुरू की जांच
दोनों मजदूरों के खेत में मृत पाए जाने की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर जानीपुर और नौबतपुर थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खेत में नंगा बिजली का तार किसने बिछाया, उसमें करंट किस तरह प्रवाहित किया गया और इसके लिए बिजली का कनेक्शन कैसे लिया गया, पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की जिम्मेदारी और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें…

बिहार के बाद अब दिल्ली में PK की दस्तक, जन सुराज की एंट्री से किस पर पड़ेगा असर?

Back to top button