उप्र मिशन 2022: भाजपा ने निषाद पार्टी के साथ गठबंधन का किया ऐलान

bjp up

लखनऊ। उप्र में अगले साल (2022) में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए सियासी बिसात बिछने लगी है। हर राजनीतिक दल अपने समीकरण दुरुस्‍त करने में लगा है। इसी क्रम में भाजपा ने आज निषाद पार्टी के साथ गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया है।

आज शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में केंद्रीय मंत्री और प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेन्‍द्र प्रधान ने बताया कि भाजपा का निषाद पार्टी से गठबंधन हो चुका है। यूपी चुनाव में भाजपा और निषाद पार्टी मिलकर लड़ेंगी। अपना दल पहले से इस गठबंधन का हिस्‍सा है।

प्रेस कांफ्रेंस में धर्मेन्‍द्र प्रधान, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह और प्रदेश अध्‍यक्ष स्‍वतंत्रदेव सिंह के साथ निषाद पार्टी के अध्‍यक्ष संजय निषाद भी मौजूद रहे।

धर्मेन्‍द्र प्रधान ने कहा कि चुनाव प्रभारी बनने के बाद तीन दिन से उप्र में हूं। यहां 2022 में एक बार फिर भाजपा की जीत सुनिश्‍चित है।

उन्‍होंने निषाद पार्टी के साथ चुनावी गठबंधन की आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि इससे एनडीए के अभियान को मजबूती मिलेगी। अपना दल और कई अन्‍य सामाजिक संगठन भी हमारे साथ जुड़े हैं। 2022 का चुनाव हम मिलकर लड़ेंगे।

भाजपा ने भी चुनाव प्रभारी धर्मेन्‍द्र प्रधान की अगुवाई में रणनीतिकारों की पूरी टीम मैदान में उतार दी है। पिछले कई दिनों से यह टीम अलग-अलग स्‍तरों पर बैठकें कर माहौल को भांपने और पार्टी कार्यकर्ताओं-नेताओं को जीत के गुर सिखाने में जुटी है।

बीजेपी के प्रदेश अध्‍यक्ष स्‍वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यूपी चुनाव को लेकर पिछले तीन दिन से बैठकें चल रही हैं। निषाद पार्टी के अध्‍यक्ष संजय निषाद भी हमारे साथ हैं। 2022 के लिए दोनों दल मिलकर ताकत से लड़ेंगे। सीएम योगी और पीएम मोदी के नेतृत्‍व में हम आगे बढ़ेंगे। दोनों मिलकर राज्‍य में कमल खिलाएंगे।  

Back to top button