PM Modi के जन्म दिवस पर UP के अभ्यर्थियों ने खून से लिखी चिट्ठी

68,500 शिक्षक भर्ती को लेकर धरने का 17वां दिन

PM Modi Lucknow Assistant Teacher Recruitment: 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियों को लेकर ईको गार्डन में अभ्यर्थियों का अनवरत धरना गुरुवार को 17वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के दौरान अभ्यर्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर उन्हें बधाई देते हुए 68500 शिक्षक भर्ती आरक्षण मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की।

इस अवसर पर अभ्यर्थियों ने चिकित्सकीय टीम की मौजूदगी में रक्तदान कर अपने रक्त से पत्र लिखे। इन पत्रों के माध्यम से राष्ट्रपति प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और राज्यपाल  सहित संबंधित संवैधानिक पदाधिकारियों से 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी मामले के समाधान की मांग की गई।

अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा जारी आदेश में ओबीसी वर्ग को आरक्षित श्रेणी में शामिल करते हुए पूर्णांक 150 में से 60 अंक अर्थात 40 प्रतिशत पर परिणाम संशोधित करके नियुक्ति देने का आदेश दिया है। अभ्यर्थियों ने आयोग के आदेश का अनुपालन कराने और विशेष रूप से ओबीसी एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग की।

धरना स्थल पर मौजूद अभ्यर्थियों ने कहा कि वे पिछले कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं और सरकार से मामले का शीघ्र समाधान चाहते हैं।

रक्त से पत्र लिखने के कार्यक्रम में धरने का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा, नवीन चौधरी, अखिल यादव, रंजना जायसवाल, सुभाषिनी वर्मा, अभय यादव, आर.पी., सच्चिदानंद, राहुल, विनय, शिवशंकर, विनोद, संतोष, सुनील सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे।

अभ्यर्थियों ने कहा कि उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी उनकी मांगों पर सरकार की ओर से ठोस निर्णय नहीं लिया जाता।

Back to top button