UP में फिर चली तबादला एक्सप्रेस, 34 आईएएस समेत चौदह जिलों के DM बदले

UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार ने एक बार फिर बड़ा कदम उठाया है। शासन ने देर रात आदेश जारी करते हुए राज्य के 34 वरिष्ठ आईएएस (IAS) अधिकारियों के ट्रांसफर कर दिए।

इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल के तहत कानपुर नगर, एटा, मुरादाबाद और हरदोई समेत कुल 14 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) को बदल दिया गया है। इसके साथ ही हाल ही में पीसीएस से आईएएस कैडर में प्रोन्नत हुए अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इन जिलों में नए जिलाधिकारियों की तैनाती

शासन द्वारा जारी तबादला सूची के अनुसार राज्य के 14 जिलों में कमान संभाल रहे प्रशासनिक कप्तानों का फेरबदल किया गया है। जिन जिलों के जिलाधिकारी बदले गए हैं, उनमें मुख्य रूप से मुरादाबाद, हरदोई, एटा, कुशीनगर, कानपुर नगर, संतकबीरनगर, पीलीभीत, बलिया, अमेठी, बागपत, महोबा, बिजनौर, हाथरस और हमीरपुर शामिल हैं।

  • कानपुर नगर: कुशीनगर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को अब कानपुर नगर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं कानपुर नगर के निवर्तमान डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह को निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के पद पर भेजा गया है।

  • मुरादाबाद: हरदोई के डीएम अनुनय झा को मुरादाबाद जिले की कमान सौंपी गई है। मुरादाबाद के निवर्तमान डीएम राजेंद्र पैसिया को विशेष सचिव, कारागार प्रशासन एवं सुधार बनाया गया है।

  • हरदोई: विशेष सचिव (राज्य कर) राहुल पांडेय को स्थानांतरित करते हुए हरदोई का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

  • एटा: आगरा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं संभागीय खाद्य नियंत्रक एम. अरुन्मोली को एटा का नया डीएम बनाया गया है। एटा के निवर्तमान डीएम अरविंद सिंह को विशेष सचिव, खाद्य एवं रसद विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

  • कुशीनगर: अमेठी के डीएम संजय चौहान को ट्रांसफर कर कुशीनगर का नया जिलाधिकारी तैनात किया गया है।

  • अमेठी: इन्वेस्ट यूपी और यूपीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) शशांक चौधरी को अमेठी का नया डीएम बनाया गया है।

अन्य जिलों के नए डीएम

प्रशासनिक फेरबदल की इस कड़ी में संतकबीरनगर के डीएम आलोक कुमार को पीलीभीत का जिलाधिकारी बनाया गया है। पीलीभीत के निवर्तमान डीएम ज्ञानेंद्र सिंह को बलिया जिले का डीएम नियुक्त किया गया है। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GIDA) के सीईओ अनुज मलिक को संतकबीरनगर का जिलाधिकारी बनाया गया है।

IAS

वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले

जिलाधिकारियों के अलावा शासन ने कई राज्य स्तरीय विकास प्राधिकरणों, निगमों और शासन के महत्वपूर्ण विभागों में भी फेरबदल किया है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया को यूपीडा (UPEIDA) का एसीईओ बनाया गया है।

महोबा की निवर्तमान डीएम गजल भारद्वाज को अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी, इन्वेस्ट यूपी के पद पर भेजा गया है। वहीं रामपुर के एडीएम (प्रशासन) नितिन मदान को यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण में एसीईओ की जिम्मेदारी दी गई है।

Back to top button