लद गए बंटी बबलू के ज़माने, अब नहीं हो सकता लव जेहाद: ब्रजेश पाठक

यूपी कैबिनेट मंत्री ब्रजेश पाठक

लखनऊ। उप्र के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि यूपी में अब कोई लव जेहाद नहीं कर सकता। एक दौर था जब लोग बंटी, बबलू जैसे छद्म नामों से हिंदू लड़कियों को जाल में फंसा लेते थे,

मगर भाजपा सरकार में सबकुछ बदल चुका है। लव जेहाद को लेकर सरकार ने जो सख्त कानून बनाया है, उसका असर साफ देखा जा सकता है।

पाठक भाजपा राज्य मुख्यालय पर पार्टी के फर्क साफ है अभियान के तहत पूर्व और मौजूदा सरकार के अंतर को समझा रहे थे।

उन्होंने कहा कि सपा शासन में थानों में एक जाति विशेष का वर्चस्व था। 2012 से 2017 तक यूपी में अपराध चरम पर था। थानों में आम आदमी की सुनवाई नहीं थी। वहां गुंडे-माफिया और मवालियों का राज था।

उन्होंने कहा कि आम आदमी का मुकदमा तक सपा शासन में नहीं लिखा जाता था। प्रदेश के लगभग साढ़े पंद्रह सौ थानों में करीब 600 थानों में एक ही जाति के लोग काबिज थे। लोग झंडे लगाकर अवैध कब्जे करते थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में बड़ी संख्या में पुलिस की भर्ती में केवल विशेष बिरादरी के लोगों को वरीयता दी गई। हालांकि उन्हें भी वसूली किए बिना भर्ती नहीं किया गया।

अंतरजातीय विवाह पर कोई रोक नहीं है लेकिन उसके लिए डीएम के यहां आवेदन की निर्धारित प्रक्रिया को पूरा करना होगा।

कानून मंत्री ने मथुरा के जवाहरबाग कांड का जिक्र करते हुए कहा कि तब पुलिस अधिकारी मुकुल द्विवेदी सहित कितने निर्दोष लोगों की जान गई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शासन में माफिया के कब्जे से न केवल सरकारी संपत्ति कब्जा मुक्त कराई गई है बल्कि 1866 करोड़ की संपत्ति जब्त भी की गई है।

उन्होंने बताया प्रदेश में 214 नए थाने बनाए गए हैं। हर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई हो रही है। सपा शासन में प्रदेश में पनपे संगठित माफिया गिरोह का नेटवर्क अब पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया है।

Back to top button