UP: गोरखपुर में 303 विकास परियोजनाओं का सीएम योगी ने किया लोकार्पण

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को नगर निगम परिसर में 233 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत वाली 303 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इनमें 189 परियोजनाओं का शिलान्यास और 114 का लोकार्पण हुआ।

इमेज क्रेडिट : सोशल मीडिया

सीएम योगी रविवार से शुरू हुए नवरात्र में कलश स्थापना के लिए गोरखपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने करोड़ों की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास कर गोरखपुर वासियों को बड़ी सौगात दी है। दरअसल, गोरखपुर में 255 करोड़ रुपये की लागत से सहजनवां के सुथनी में स्थापित होने वाले चारकोल प्लांट के मेमोरेंडम आफ अंडरस्टैंडिंग पर हस्ताक्षर हुए। महानगर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने के लिए तकरीबन 50 करोड़ रुपये के सोलर पैनल लगाने के कार्यों के एमओयू पर भी हस्ताक्षर हुए।

मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे नगर निगम परिसर पहुंचे। जहाँ उन्होंने 233 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत वाली 303 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने नगर निगम की ओर से सालिड वेस्ट मैनेजमेंट के लिए हो रहे कार्यों के माडल का निरीक्षण किया। सीएम ने मिशन शक्ति के तहत स्वच्छता व अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 10 महिलाओं को सम्मानित भी किया।

विकास परियोजनाओं के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी बड़े महानगर में सबसे पहले कूड़े के पहाड़ के दर्शन होते थे, लेकिन आज PM मोदी ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिस बड़े अभियान को आगे बढ़ाया उसके माध्यम से नगरिय जीवन को स्वच्छ, सुंदर बनाने के साथ-साथ आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए हम सॉलिड या किसी भी प्रकार के कचरे को वेल्थ में बदलने के लिए कार्य कर सकेंगे, इसके लिए नगर निगम की पहल सराहनीय है।

उन्होंने यह भी कहा कि अगर भारत को दुनिया में एक आर्थिक महाशक्ति के रूप में अपने आपको स्थापित करना है तो नगरीय विकास एक महत्वपूर्ण पक्ष है। अब सॉलिड वेस्ट प्लांट, कूड़े का उपयोग चारकोल, कम्पोस्ट, बिजली बनाने में करेगा…इन सबके बदले नगर निगम गोरखपुर को अगले 25 वर्ष के अंदर ₹600 करोड़ से अधिक की बचत भी होने वाली है…यानि आम के आम और गुठलियों के दाम।

Back to top button