UP के पर्यटन मंत्री को हुआ स्वाइन फ्लू, एक्टिव केस का आंकड़ा पहुंचा 685

UP Swine Flu Cases: उत्तर प्रदेश में तेजी से पांव पसार रहे स्वाइन फ्लू (H1N1) की चपेट में अब प्रदेश सरकार के मंत्री भी आने लगे हैं। यूपी के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह स्वाइन फ्लू से संक्रमित पाए गए हैं।

KGMU की माइक्रोबायोलॉजी लैब में हुई सैंपल जांच के बाद उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर वे लखनऊ स्थित अपने आधिकारिक सरकारी आवास में होम आइसोलेशन में चले गए हैं।

पिछले 4-5 दिनों से आ रहा था बुखार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंत्री जयवीर सिंह पिछले कुछ दिनों से बुखार और शरीर में दर्द की समस्या से परेशान थे। शुरुआत में फिरोजाबाद प्रवास के दौरान वे टेस्ट नहीं करा पाए थे, लेकिन लखनऊ लौटते ही उन्होंने मंगलवार सुबह केजीएमयू की पैथोलॉजी में स्वाइन फ्लू समेत अन्य बीमारियों की जांच के लिए सैंपल दिए थे।

बुधवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद KGMU डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनके सरकारी आवास पर पहुंची। डॉक्टरों ने उनका मेडिकल चेकअप करने के बाद फिलहाल घर पर ही रहकर दवाइयां लेने और बेड रेस्ट की हिदायत दी है।

परिवार और स्टाफ के भी लिए गए सैंपल

मंत्री के संक्रमित पाए जाने के बाद एहतियात के तौर पर उनके परिवार के सदस्यों, सुरक्षाकर्मियों और आवास पर मौजूद स्टाफ के सैंपल भी जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। इसके साथ ही हाल के दिनों में मंत्री जयवीर सिंह के संपर्क में आए लोगों से भी लक्षणों पर नजर रखने और सावधानी बरतने की अपील की गई है।

यूपी में स्वाइन फ्लू का आंकड़ा 685 के पार

प्रदेश में स्वाइन फ्लू के एक्टिव मामलों में तेजी से उछाल दर्ज किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में 29 अगस्त को स्वाइन फ्लू के कुल मामले 551 थे, जो 1 सितंबर तक बढ़कर 685 पर पहुंच गए हैं। राज्य में दर्ज कुल मामलों में से आधे से अधिक मरीज एनसीआर के जिलों गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), मेरठ और गाजियाबाद से सामने आए हैं।

बढ़ते मामलों को देखते हुए डिप्टी सीएम एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सभी जिलों के सरकारी अस्पतालों में फीवर ओपीडी, सेपरेट फीवर डेस्क और बेड आरक्षित रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।

Back to top button