
सभी श्रमजीवी पत्रकारों के लिए समान सुविधाओं की मांग
महोबा में यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन का सम्मेलन
महोबा यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन सम्मेलन: यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन ने नई श्रम संहिता के तहत परिभाषित सभी श्रमजीवी पत्रकारों को राज्य सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त पत्रकारों को दी जा रही सभी सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की मांग की है l
महोबा में आयोजित यूनियन के तीन दिवसीय प्रादेशिक प्रतिनिधि सम्मेलन में पत्रकारों की समस्याओं पर खुलकर चर्चा हुई l सम्मेलन को राज्य मंत्री जल शक्ति रामकेश निषाद तथा राज्य मंत्री श्रम एवं सेवायोजन मनोहर लाल मन्नू कोरी ने संबोधित करते हुए आश्वासन दिया कि यूनियन के ज्ञापन को मुख्यमंत्री तक पहुंचा दिया जाएगा l सम्मेलन में अधिकांश जिलों के 300 से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए l सम्मेलन के अंतिम दिन प्रतिनिधियों ने विश्व प्रसिद्ध धरोहर खजुराहो का भ्रमण किया l
सम्मेलन में इस बात पर चिंता व्यक्त की गई की सरकार ने सभी श्रमजीवी पत्रकारों को सरकारी अस्पतालों में राज्य कर्मचारियों के समान मिल रही चिकित्सा सुविधा को केवल मान्यता प्राप्त पत्रकारों तक सीमित कर दिया है l डेस्क कर्मियों को मिल रही मान्यता को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है l
केंद्र सरकार ने आपदा के अवसर का लाभ उठाते हुए पत्रकारों को रेल यात्रा में मिल रही 50% छूट को कोविड के दौरान समाप्त कर दिया l सम्मेलन ने उक्त सभी सुविधाओं को तुरंत बहाल करने की मांग करते हुए सरकार से मान्यता एवं गैर मान्यता प्राप्त पत्रकारों के बीच भेदभाव को समाप्त करने का अनुरोध किया है l
यूनियन के प्रादेशिक अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी द्वारा पेश किए गए ज्ञापन में पत्रकारों के लिए देशव्यापी पेंशन व्यवस्था , पीएफ के माध्यम से मिल रही न्यूनतम पेंशन को 1000 से बढ़ाकर ₹5000 करने की भी मांग की गई l पत्रकारों पर बढ़ रहे हमलों पर चिंता व्यक्त करते हुए पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने और आकस्मिक निधन का शिकार होने वाले पत्रकारों के परिवारों को आर्थिक सहायता के लिए स्थाई व्यवस्था की भी मांग की गई l
पीजीआई में राज्य मुख्यालय के पत्रकारों को मिल रही चिकित्सा सुविधा के सरलीकरण और उसका लाभ सभी पत्रकारों को दिए जाने की मांग की गई l पत्रकारों को सस्ती दर पर भूखंड आवंटन, छोटे एवं मध्य श्रेणी के अखबारों को विज्ञापन आवंटन में निश्चित प्रतिशत के बंटवारे , वेब मीडिया के लिए नीति तथा प्रदेश स्तर पर प्रेस काउंसिल बनाए जाने की भी मांग की गई l
प्रदेश सरकार द्वारा पत्रकारों को आयुष्मान योजना में शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए योजना की कमियों को दूर करने एवं उसे अधिक व्यापक बनाने के लिए भी सुझाव दिए गए l
वक्ताओं ने पत्रकारों की अपनी कमियों को भी रेखांकित किया l जिसे दूर करने के लिए प्रतिनिधियों से लिखित सुझाव मांगे गए l सुझाव आने के बाद पत्रकारों की आचार संहिता पर सरकार से वार्ता की जाएगी l
स्वागत समिति के अध्यक्ष शिवशरण सिंह ने आए हुए प्रतिनिधियों का स्वागत किया l
महामंत्री देवराज सिंह ने यूनियन की एक वर्ष की गतिविधियों की रपट पेश की l सम्मेलन को आईएफडब्ल्यूजे के उपाध्यक्ष प्रेम कांत तिवारी एवं मुख्यालय सचिव के विश्वदेव राव ने संबोधित किया l महोबा जिला अध्यक्ष संजय मिश्रा ने जो आयोजन समिति के अध्यक्ष भी हैं सभी का आभार व्यक्त किया l श्री मिश्र को चित्रकूट मंडल का अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया l कार्यक्रम के दोनों दिन प्रतिनिधियों ने बुंदेली सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया l





