
देव दीपावली से पहले काशी पहुंचे अनंत अंबानी, दान किए एक करोड़ रुपये
Anant Ambani Varanasi Visit: उद्योगपति मुकेश अंबानी के छोटे पुत्र और रिलायंस समूह के निदेशक अनंत अंबानी देव दीपावली के पर्व से पहले सोमवार, 23 नवंबर 2026 को धार्मिक नगरी काशी पहुंचे। पांच महीने के भीतर यह उनकी दूसरी वाराणसी यात्रा रही, जिस दौरान उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ धाम में बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया।
मंदिर को एक करोड़ रुपये का दान अर्पित किया। इसके साथ ही उन्होंने मां अन्नपूर्णा मंदिर में भी विशेष कुमकुम पूजन कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया।
एयरपोर्ट से काशी विश्वनाथ धाम तक सुरक्षा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अनंत अंबानी मुंबई से विशेष चार्टर विमान के जरिए शाम करीब 4:10 बजे वाराणसी के बाबतपुर स्थित लालबहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे। एयरपोर्ट के वीवीआईपी लाउंज में वाराणसी के मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने उनका औपचारिक स्वागत किया।
इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शाम लगभग 5:30 बजे उनका काफिला श्री काशी विश्वनाथ धाम के वीवीआईपी प्रवेश द्वार पर पहुंचा, जहां मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं का उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया। गर्भगृह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन और जलाभिषेक संपन्न करने के बाद अनंत अंबानी ने मंदिर के स्वर्ण शिखर को नमन किया और एक करोड़ रुपये की धनराशि दान स्वरूप भेंट की। इस अवसर पर मंदिर प्रशासन द्वारा उन्हें रुद्राक्ष की माला और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पूजा के बाद मुंबई रवाना
बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के उपरांत अनंत अंबानी पैदल ही समीप स्थित मां अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे, जहां 21 ब्राह्मणों ने स्वस्तिवाचन और वेद मंत्रों के सस्वर उच्चारण के साथ उनका स्वागत किया। मंदिर के अर्चक पप्पू जी के आचार्यत्व में लगभग 15 मिनट तक विशेष कुमकुम पूजन संपन्न कराया गया, जिसके बाद मंदिर प्रबंधन ने उन्हें माता का प्रसाद और अंगवस्त्र भेंट किया।
धार्मिक अनुष्ठान पूर्ण करने के बाद अनंत अंबानी सीधे बाबतपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए और रात करीब 8:40 बजे चार्टर विमान से मुंबई लौट गए। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी वे इसी वर्ष 16 जून को वाराणसी आए थे और बाबा विश्वनाथ व मां अन्नपूर्णा के साथ संकटमोचन तथा कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया था।





