
UP News: बाराबंकी में पेड़ से लटके मिले प्रेमी जोड़े के शव, हत्या की आशंका…
Barabanki News: बाराबंकी में सतरिख थाना क्षेत्र के गेहन्दवर गांव में आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और युवती के शव चिलवल के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटके मिले।
Barabanki News: यूपी के बाराबंकी में सोमवार सुबह पेड़ की डाल से युवक और युवती के शव लटकते मिले। खबर फैली तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना करके जानकारी जुटाई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक युवक की पहचान गांव निवासी 25 वर्षीय रोहित पुत्र श्रीपाल रावत के रूप में हुई है। वहीं युवती की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।
हत्या की आशंका
सतरिख के गेंहदवर गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेतों के बीच चिलबिल के पेड़ पर युवक और युवती के शव दुपट्टे के सहारे लटक रहे थे। युवती का शव काले रंग के दुपट्टे से और युवक का शव मैरून रंग के दुपट्टे से लटका था। युवक के पैर जमीन को छू रहे थे, जिससे संदेह और गहरा गया है। स्वजन उसकी हत्या की आशंका जता रहे हैं।
इस समय गर्भवती है पत्नी
सतरिख पुलिस ने भीड़ को हटाकर शव नीचे उतरवाए। घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। रोहित रावत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। स्वजन के मुताबिक उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले हुई थी। उसकी पत्नी मूक-बधिर है और इस समय गर्भवती है। परिवार की स्थिति पहले से ही आर्थिक रूप से कमजोर है।
ये भी पढ़े- UP News: कानपुर में डबल मर्डर से सनसनी, बाइकें भिड़ने पर बाप-बेटे का कत्ल
रोहित के पिता श्रीपाल ने बताया कि रविवार रात करीब 11 बजे रोहित घर से शौच जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक वापस न लौटने पर परिवारजन ने तलाश भी की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के बाहर पेड़ से शव लटकते देखे, जिसके बाद परिवार को जानकारी हुई।
परिवारजन का कहना है कि घटना संदिग्ध है और हत्या कर शव पेड़ से लटकाए गए हैं। यदि पुलिस निष्पक्ष जांच करे तो पूरे मामले का सच सामने आ सकता है।
ये भी पढ़े- अपर्णा यादव ने शेयर किए दो अलग-अलग कार्ड, प्रतीक यादव की तेरहवीं को लेकर चर्चा तेज





