गिरगिट की तरह रंग बदलती है कांग्रेस और सपा, बसपा चीफ मायावती का बड़ा बयान…

Mayawati On Women Reservation Bill: महिला आरक्षण पर बीएसपी चीफ मायावती ने कांग्रेस और सपा पर जमकर निशाना साधा और दोहरी राजनीति का आरोप लगाया।

Mayawati On Women Reservation Bill: बसपा सुप्रीमो मायावती ने महिला आरक्षण बिल को लेकर कांग्रेस और सपा पर तीखा हमला बोला है। मायावती ने कहा कि देश के SC, ST और OBC समाज के संवैधानिक अधिकारों के मामले में कांग्रेस का रिकॉर्ड भरोसेमंद नहीं रहा है। उन्‍होंने कांग्रेस को गिरगिट की तरह रंग बदलने वाली पार्टी करार दिया। मायावती ने कहा कि केंद्र में सरकार रहते हुए कांग्रेस ने किसी भी क्षेत्र में आरक्षण कोटे को पूरा कराने की कभी पहल नहीं की।

इसी तरह, सपा जब सरकार में नहीं है तो अलग रवैया अपना रही है, पर जब सरकार में होती है तो अलग संकीर्ण जातिवादी और तिरस्कारी रवैया अपनाती है। उन्‍होंने कहा कि ऐसी सभी छलावा एवं दोहरे चरित्र वाली पार्टियों से हमेशा सावधान रहना होगा, तभी कुछ बेहतर संभव हो पाएगा।

सपा पर दोहरी राजनीति का आरोप

मिली जानकारी के मुताबिक, उन्होंने ओबीसी आरक्षण के संदर्भ में मंडल आयोग की सिफारिशों का जिक्र करते हुए कहा कि इसे लागू कराने का श्रेय बसपा के प्रयासों और पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह की सरकार को जाता है। सपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछड़े मुस्लिमों को ओबीसी का लाभ देने संबंधी आयोग की रिपोर्ट को सपा सरकार ने लंबे समय तक लागू नहीं किया, जबकि बसपा सरकार ने 1995 में इसे लागू किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अब वही सपा राजनीतिक स्वार्थ के तहत महिलाओं के लिए अलग आरक्षण की बात कर रही है।

‘कांग्रेस भी बीजेपी की तरह उठाती कदम’

महिला आरक्षण पर मायावती ने कहा कि परिसीमन 2011 की जनगणना के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कांग्रेस सत्ता में होती, तो वह भी भाजपा की तरह ही कदम उठाती। अपने बयान में उन्होंने निष्कर्ष निकाला कि देश में एससी, एसटी, ओबीसी और मुस्लिम समाज के वास्तविक हितों को लेकर कोई भी पार्टी पूरी तरह गंभीर नहीं रही है। उन्होंने इन वर्गों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और अपने हितों को ध्यान में रखते हुए आत्मनिर्भर बनें।

ये भी पढ़े- अंबेडकर प्रतिमा विवाद में एक्शन… दरोगा सस्पेंड, आरोपियों के शस्त्र लाइसेंस होंगे निरस्त

Back to top button