
UP में लैंड यूज बदलना हुआ आसान और सस्ता, योगी सरकार का आदेश जारी
UP Land Use Policy: उउत्तर प्रदेश में जमीन का भू-उपयोग (Land Use) बदलवाना अब पहले से ज्यादा आसान और सस्ता हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने प्रदेश की जनता, छोटे भूस्वामियों और निवेशकों को बड़ी राहत देते हुए इस प्रक्रिया को बेहद सरल बना दिया है।
शासन की ओर से जारी नए आदेश के तहत अब 6,000 वर्ग मीटर तक के क्षेत्रफल की जमीन के भू-उपयोग परिवर्तन का अधिकार सीधे स्थानीय विकास प्राधिकरणों (Development Authorities) के बोर्ड को सौंप दिया गया है।
अब लखनऊ के चक्कर काटने से राहत
अब तक स्थिति यह थी कि कृषि भूमि को आवासीय, व्यावसायिक या अन्य श्रेणियों में बदलवाने के लिए सभी फाइलों और प्रस्तावों को अनिवार्य रूप से शासन स्तर पर भेजना पड़ता था। लंबी प्रशासनिक प्रक्रियाओं और फाइलों के आने-जाने के चक्कर में न केवल महीनों का समय बर्बाद होता था, बल्कि विकास कार्यों की लागत भी बढ़ जाती थी।
इस असुविधा को खत्म करने के लिए योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए 6,000 वर्ग मीटर तक के भू-उपयोग परिवर्तन के मामलों का निस्तारण अब सीधे प्राधिकरण स्तर पर ही करने का अधिकार दे दिया है।
हालांकि, इसके साथ यह शर्त भी जोड़ी गई है कि विकास प्राधिकरण मास्टर प्लान के मौजूदा भू-उपयोग का अधिकतम 1 प्रतिशत हिस्सा ही इस प्रक्रिया के तहत बदल सकेंगे।
ये भी पढ़े-संत प्रेमानंद की जान को खतरा! सुरक्षा के लिए Yogi को दिया पत्र
भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क में भी कटौती
प्रक्रिया को सरल बनाने के साथ-साथ सरकार ने कन्वर्जन शुल्क (Land Use Conversion Charges) की दरों में भी भारी कमी की है, जिससे मकान या कारोबार के लिए जमीन तलाश रहे लोगों पर आर्थिक बोझ कम होगा। कृषि से आवासीय भूमि में परिवर्तन कराने के लिए शुल्क को आधा करते हुए सर्किल रेट का 25 प्रतिशत कर दिया गया है, जो पहले 50 प्रतिशत हुआ करता था।
इसी तरह कृषि से औद्योगिक उपयोग के लिए 15 प्रतिशत, कार्यालय उपयोग के लिए 50 प्रतिशत और व्यावसायिक उपयोग के लिए 75 प्रतिशत शुल्क तय किया गया है। इसके अलावा आवासीय से सार्वजनिक सुविधा या पार्किंग जैसे कार्यों के लिए भू-उपयोग बदलने पर शुल्क को पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार के इस दूरदर्शी फैसले से ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को बढ़ावा मिलेगा, रियल एस्टेट सेक्टर को गति मिलेगी और आम नागरिकों को छोटे-मोटे भू-उपयोग बदलाव के लिए अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होना पड़ेगा।
ये भी पढ़े-Lucknow Flood: गोमती नदी का रौद्र रूप, हनुमान सेतु मंदिर में घुसा पानी





