
फतेहपुर में ‘वापस जाओ…’ के लगे पोस्टर, राहुल गांधी के आगमन का विरोध
Rahul Gandhi: राहुल गांधी आज रायबरेली में हरिओम वाल्मीकि के परिवार से मिलेंगे, जिनकी ग्रामीणों ने चोर समझकर हत्या कर दी थी। उनके पहुंचने से पहले फतेहपुर में विरोध में पर्चे लगाए गए।
Rahul Gandhi: उत्तर प्रदेश के रायबरेली में मारे गए दलित युवक हरिओम वाल्मीकि पर देश का सियासी माहौल अभी भी गर्म है। हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मिलने शुक्रवार को रायबरेली सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी फतेहपुर आए। उनके दौरे से पहले शहर में राहुल गांधी के विरोधी पोस्टर लग गए हैं। फतेहपुर में राहुल के पहुंचने से पहले ही जगह-जगह ‘दर्द को मत भुनाओ, वापस जाओ’ के पर्चे लगा दिए गए हैं।
रायबरेली में राहुल गांधी का विरोध
लगे पोस्टरों में राहुल गांधी के विरोध में कई संदेश लिखे गए हैं। इनमें से कुछ प्रमुख संदेश हैं: “हम सरकार और पुलिस की कार्यवाही से पूरी तरह संतुष्ट हैं और न्याय मिलने का विश्वास है”, “हमें जाति-पाति में बांटने की तुम्हारी साजिश कभी कामयाब नहीं होगी”, “दर्द को मत भुनाओ, वापस जाओ” और “गिद्ध बनकर मंडराते हो, नफरत फैलाने आते हो”।
रायबरेली जिले में हरिओम वाल्मीकि की हत्या का मामला लगातार गरमाया हुआ है और इस पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। फिलहाल यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि ये पोस्टर किसने लगाए हैं। हालांकि, ये पोस्टर आसपास के लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं और राहुल गांधी के दौरे से पहले क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा रहे हैं।





