
Gorakhpur: अपार्टमेंट में खेल रही दो मासूमो से दुष्कर्म, 63 वर्षीय आरोपी को भीड़ ने पीटा
UP News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर (Gorakhpur) जिले के गोरखनाथ थाना क्षेत्र स्थित एक आवासीय अपार्टमेंट से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला आया है। यहां अपार्टमेंट परिसर में खेल रही सात वर्षीय और 11 वर्षीय दो मासूम बच्चियों के साथ एक 63 वर्षीय व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।
घटना का पता चलते ही अपार्टमेंट के निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा और आरोपी को मौके पर ही पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की तथा बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
खेलने के बहाने बुलाकर की दरिंदगी
मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान अशोक कुमार त्यागी (63 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मेरठ के शहर कोतवाली क्षेत्र का निवासी है। आरोपी दो महीने पहले ही मेरठ से गोरखपुर आया था और गोरखनाथ क्षेत्र के इस अपार्टमेंट में किराए पर रहने वाले अपने बेटे के साथ रह रहा था, जो एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है।
आरोप है कि मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे अपार्टमेंट परिसर में दोनों बच्चियां खेल रही थीं। इसी दौरान अशोक त्यागी ने खेलने के बहाने दोनों मासूमों को अपने पास बुलाया और उनके साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद डरी-सहमी बच्चियों ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई।
इसी बीच अपार्टमेंट में रहने वाले अन्य परिवारों को भी घटना की भनक लग गई और वहां भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने आरोपी की पिटाई करने के बाद तत्काल गोरखनाथ थाना पुलिस को सूचना देकर उसे सुपुर्द कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
इस मामले में क्षेत्राधिकारी (सीओ) गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि पीड़ित परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी अशोक कुमार त्यागी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसे बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जब आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की गई तो उसमें कई आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुए हैं। पुलिस अब इन वीडियो की और बच्चियों के साथ हुई इस वारदात से उनके संभावित संबंधों की गहनता से पड़ताल कर रही है। मोबाइल फोन सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को जांच में शामिल कर लिया गया है। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है।
ये भी पढ़े- हथियार सप्लायर वाहिद अंसारी एनकाउंटर में ढेर, कई सुपारी किलिंग में था शामिल





