Lucknow News: SA अपार्टमेंट का पिलर अचानक ढहा, खाली कराई जा रही बहुमंजिला इमारत

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके हज़रतगंज क्षेत्र में स्थित एसा (SA) अपार्टमेंट में भयावह हादसा होने से बाल-बाल बच गया। बहुमंजिला आवासीय परिसर के बेसमेंट में स्थित एक मुख्य पिलर अचानक दरक गया और ढह गया। पिलर के क्षतिग्रस्त होते ही पूरी इमारत में हड़कंप मच गया ।

घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची राहत टीमों ने किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

खाली कराया जा रहा अपार्टमेंट

घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। इमारत की संवेदनशीलता और निवासियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए अधिकारियों ने तुरंत पूरे एसा अपार्टमेंट को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

लिफ्ट का इस्तेमाल तुरंत बंद कर दिया गया और सीढ़ियों के जरिए फ्लैटों में मौजूद बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है और पूरी इमारत की घेराबंदी कर दी है।

ये भी पढ़े-जिस घुटने में दर्द था, वो छोड़ दिया! लखनऊ में बुजुर्ग महिला की दूसरे पैर की सर्जरी का आरोप…

तकनीकी जांच में जुटे विशेषज्ञ

इमारत के पिलर के अचानक ढहने के कारणों की पड़ताल के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) और लोक निर्माण विभाग (PWD) के स्ट्रक्चरल इंजीनियर्स और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया है। जानकारी के अनुसार बेसमेंट में पिलर कमजोर होने या हालिया निर्माण संबंधी कमियों के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है।

विशेषज्ञों की टीम इमारत के ढांचे की मजबूती और स्थिरता का आकलन कर रही है, ताकि इसे सुरक्षित रूप से सपोर्ट दिया जा सके। फिलहाल पूरे परिसर को खाली कराकर इलाके को सील कर दिया गया है ताकि किसी संभावित खतरे से बचा जा सके।

ये भी पढ़े-गाजियाबाद में छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम, टीचर की प्रताड़ना से थी परेशान…?

Back to top button