
Lucknow News: गोमती का जलस्तर बढ़ने से रिवर फ्रंट डूबा, एंट्री गेटों पर लगा ताला
Lucknow News: राजधानी लखनऊ से होकर गुजरने वाली गोमती नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल गोमती रिवर फ्रंट के निचले हिस्सों में पानी भर गया है। नदी का पानी तेजी से फैलने के कारण रिवर फ्रंट का अधिकांश हिस्सा जलमग्न हो गया है।
पर्यटकों की सुरक्षा और किसी भी अनहोनी से बचाव को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियातन गोमती रिवर फ्रंट के सभी प्रवेश द्वारों (एंट्री गेटों) पर ताला लगा दिया है और आम जनता की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
पाथ-वे, जॉगिंग ट्रैक और लॉन जलमग्न
गोमती नदी में जलस्तर की बढ़ोतरी से रिवर फ्रंट के दोनों किनारों (लेफ्ट हैंड साइड और राइट हैंड साइड) पर स्थित सार्वजनिक स्थल प्रभावित हुए हैं। पर्यटकों के टहलने के लिए बनाए गए पाथ-वे, जॉगिंग ट्रैक, ग्रीनरी लॉन और बोटिंग पॉइंट के पास पानी भर चुका है।
इसके अलावा नदी किनारे बने बैठने के शेड्स और छायादार स्थल भी पानी की चपेट में आ गए हैं। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जलस्तर बढ़ने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
ये भी पढ़े-चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव; आराधना मिश्रा ‘मोना’ बनीं UP कांग्रेस की नई अध्यक्ष
सैलानियों के प्रवेश पर रोक
करीब 8 किलोमीटर के दायरे में फैले गोमती रिवर फ्रंट पर रोजाना सुबह और शाम को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, मॉर्निंग वॉकर्स और सैलानी पहुंचते हैं। खतरे को देखते हुए सुरक्षा गार्डों की तैनाती बढ़ा दी गई है और लोगों को नदी के मुहाने तथा जलभराव वाले स्थानों से दूर रहने की हिदायत दी जा रही है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक नदी का जलस्तर घटकर सामान्य स्थिति में नहीं आ जाता और जलभराव पूरी तरह खाली नहीं हो जाता, तब तक रिवर फ्रंट को आम जनता के लिए बंद रखा जाएगा। टीम लगातार नदी के प्रवाह और बैराज के वाटर लेवल की निगरानी कर रही है।
ये भी पढ़े-‘मैंने मां को मार दिया… पुलिस आ जाओ’, लखनऊ में 17 वर्षीय बेटे पर हत्या का आरोप





