लखनऊ में सफाई कर्मचारियों का जोरदार प्रदर्शन, LSA पर वेतन दबाने का आरोप

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में सफाई व्यवस्था संभाल रही कार्यदायी संस्था ‘लखनऊ स्वच्छता अभियान‘ (LSA) के खिलाफ आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है। सैकड़ों की संख्या में एकत्रित कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर भ्रष्टाचार, वेतन में कटौती और समय पर मानदेय न देने का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।

कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम और कंपनी के जिम्मेदार अधिकारी उनकी समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।

समय पर नहीं मिलता वेतन

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि एलएसए कंपनी द्वारा उन्हें हर महीने समय पर वेतन का भुगतान नहीं किया जाता है। कई महीनों का मानदेय लंबित रहने के कारण उनके सामने रोजी-रोटी और परिवार के पालन-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।

इसके अलावा, कर्मचारियों ने कंपनी पर प्रोविडेंट फंड (PF) और कर्मचारी राज्य बीमा (ESI) की राशि काटने के बावजूद उसे खातों में जमा न करने और भारी वित्तीय अनियमितताएं बरतने का गंभीर आरोप लगाया है।

अधिकारियों पर सांठगांठ का आरोप

कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों का कहना है कि नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों को कई बार मांग पत्र और ज्ञापन सौंपा गया है, लेकिन अधिकारियों की कथित सांठगांठ के कारण ठेका कंपनी के खिलाफ कोई सख्त कदम नहीं उठाया जा रहा है।

आक्रोशित सफाई कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द उनके बकाए वेतन का भुगतान नहीं किया गया और कंपनी के खिलाफ जांच शुरू नहीं हुई, तो वे पूरे शहर में सफाई कार्य ठप कर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।

ये भी पढ़े-UP News: विनोद साहनी की मौत पर सियासी बवाल, धरने पर बैठे संजय निषाद

शहर में सफाई व्यवस्था ठप 

सफाई कर्मचारियों के इस उग्र प्रदर्शन के बाद राजधानी लखनऊ के विभिन्न वार्डों में कचरा उठाने और सफाई का काम प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। त्यौहारों के मौसम और संक्रामक बीमारियों के समय अगर सफाई कर्मचारी हड़ताल पर जाते हैं, तो आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल प्रशासनिक स्तर पर कर्मचारियों को वार्ता के जरिए समझाने का प्रयास किया जा रहा है।

ये भी पढ़े-PM eVIDYA से यूपी में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा, योगी सरकार ने शुरू की बड़ी पहल…

Back to top button