जनेश्वर मिश्र पार्क कार कांड में VHRP ने सौंपा ज्ञापन, युवक पर लव जिहाद का लगाया आरोप

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क गेट नंबर एक के पास हुई सनसनीखेज वारदात के बाद माहौल गर्मा गया है। हिंदू युवती को कार से टक्कर मारने, बोनट पर घसीटने और फिर निर्दयता से कुचलने की घटना को लेकर विश्व हिंदू रक्षा परिषद (VHRP) ने कड़ा ऐतराज जताया है।

संगठन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस उपायुक्त (DCP पूर्वी) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और आरोपी शहनवाज के खिलाफ लव जिहाद के कोण से निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

पहचान छिपाकर दोस्ती करने का आरोप

विश्व हिंदू रक्षा परिषद के पदाधिकारियों का आरोप है कि फरार चल रहे आरोपी शहनवाज ने पीड़ित युवती से दोस्ती करने के दौरान अपनी वास्तविक धार्मिक पहचान छिपाई थी। आरोपी ने खुद को हिंदू बताकर युवती से संपर्क स्थापित किया था। घटना वाले दिन किसी बात पर हुए विवाद के बाद आरोपी ने युवती पर गाड़ी चढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। संगठन का मानना है कि यह केवल एक सड़क दुर्घटना या व्यक्तिगत विवाद का मामला नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक सुनियोजित साजिश हो सकती है।

संगठित नेटवर्क की जांच की मांग

संगठन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने प्रशासन से स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस पूरे मामले की जांच सिर्फ दुर्घटना या मारपीट की धारा तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। पुलिस को इस बात की गहनता से पड़ताल करनी चाहिए कि पहचान छिपाकर हिंदू लड़कियों को अपने जाल में फंसाने के पीछे कोई संगठित गिरोह या नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी आपराधिक साजिश या किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता के साक्ष्य मिलते हैं, तो उन सभी के खिलाफ कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

कठोर कार्रवाई की चेतावनी

विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने ज्ञापन के माध्यम से स्पष्ट किया है कि युवतियों की सुरक्षा और पहचान छिपाकर संबंध बनाने जैसे गंभीर मामलों में पुलिस को सभी तथ्यों और साक्ष्यों का निष्पक्ष विश्लेषण करना चाहिए। संगठन ने मांग की है कि मामले की सत्यता सामने लाने के लिए उच्चस्तरीय जांच बैठाई जाए और दोष सिद्ध होने पर आरोपी शहनवाज और उसके मददगारों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, जिससे ऐसी घटनाओं पर लगाम लग सके।

Back to top button