लखनऊ में सजेगा क्रिकेट का महाकुंभ, पहली बार होगी वुमेन्स प्रीमियर लीग

LWPL 2026: नवाबों के शहर लखनऊ में महिला क्रिकेट को एक नई ऊंचाई देने के लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है। क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ (CAL) द्वारा पहली बार लखनऊ वुमेन्स प्रीमियर लीग (LWPL 2026) का आयोजन किया जा रहा है।

इस टी-20 टूर्नामेंट का आगाज 23 सितंबर 2026 से होने जा रहा है, जबकि खिताबी मुकाबला 28 सितंबर 2026 को खेला जाएगा।

महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक कदम

क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ (CAL) के अध्यक्ष और लीग के चेयरमैन डॉ. नवनीत सहगल ने बताया कि यह आयोजन न केवल लखनऊ बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के महिला क्रिकेट के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा।

अब तक प्रदेश में पुरुषों के लिए ही ‘यूपी टी-20’ जैसी लीग्स का आयोजन होता रहा है, लेकिन महिलाओं के लिए इस स्तर की पहली पेशेवर टी-20 लीग आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता से स्थानीय और राज्य स्तरीय युवा महिला क्रिकेटरों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने के लिए एक मजबूत आधार मिलेगा।

इन मैदानों पर खेले जाएंगे मुकाबले

लीग के मैचों का आयोजन लखनऊ के दो प्रमुख स्थलों पर किया जाएगा। टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले गोमती नदी के तट पर स्थित सेज क्रिकेट ग्राउंड पर डे-नाइट फॉर्मेट में खेले जाएंगे। वहीं प्रतियोगिता के सबसे महत्वपूर्ण और रोमांचक मुकाबले, यानी सेमीफाइनल और फाइनल मैच, फ्लडलाइट्स की रोशनी में ऐतिहासिक केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित किए जाएंगे।

Back to top button