UP News: इंस्टा पर प्यार फिर शादी… बरात लेकर निकला दूल्हा; ऑफलाइन हो गई दुल्हन

UP News: सहारनपुर में इंस्टाग्राम पर दो लोगों के बीच प्यार का परवान चढ़ा और शादी तय हो गई। दूल्हा तय तारीख पर बरात लेकर निकल गया। जब उसने होने वाली दुल्हन को फोन लगाया तो उसका फोन बंद आया।

UP News: इंस्टाग्राम पर युवक का प्यार परवान चढ़ा तो शादी की तिथि भी तय कर ली गई। शादी की सारी रस्में पूरी की गई। युवक को हल्दी लगी और वह दूल्हा बनकर घोड़ी पर भी चढ़ा और बारात भी लेकर निकला, लेकिन शादी के ऐन वक्त पर दुल्हन ने युवक से संबंध खत्म कर दिया। दूल्हा बना युवक बार-बार कथित दुल्हन से सपंर्क करने के प्रयास करता रहा, लेकिन उसे बीच रास्ते ही बारात लेकर लौटना पड़ा। सोशल मीडिया पर हुई मुहब्बत से युवक का दिल भी टूट गया।

कार देने की भी हुई थी बात

दोनों के बीच फोन पर शादी की तिथि दो दिसंबर तय की गई। युवती के परिजनों ने दहेज में कार देने की पेशकश करते हुए सहारनपुर से ही इसे खरीदने का प्रस्ताव रखा। इस पर युवक सहारनपुर के एक शोरूम पर ब्रेजा कार भी पसंद कर आया। युवक के परिजनों ने उत्साहपूर्वक शादी की तैयारियां कीं। हालांकि न लड़की पक्ष यहां आया और न ही लड़का पक्ष वहां गया। रिश्ता फोन पर ही तय हो गया। निमंत्रण मिलने पर रिश्तेदार भी घर इकट्ठा हो गए।

दुल्हन हो गई ऑफलाइन

दो दिसंबर को युवक सेहरा बांधकर दूल्हा बना और बैंड बाजों के साथ बरात भी चली। दूल्हा बरेली जाने के लिए बरातियों के साथ देवबंद रेलवे स्टेशन पहुंच गया। यहां दूल्हे ने अपनी होने वाली दुल्हन को फोन मिलाया तो बात नहीं हो सकी।  बार-बार फोन करने के बाद भी उसका फोन बंद मिला। घंटों प्रयास करने के बाद जब कोई जवाब नहीं आया तो युवक को बरातियों के साथ मायूस होकर लौटना पड़ा।

 इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, मुहब्बत और शादी टूटने से युवक का दिल टूट गया। युवक सदमे में भी है।

 

Back to top button