
पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने बनाई नई पार्टी, मिर्जापुर सदर से लड़ेंगी चुनाव
Former IAS Divya Mittal Party: उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक गलियारों में अपने बेहतरीन विकास कार्यों के लिए पहचानी जाने वाली पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल (Divya Mittal) ने अब राजनीति की दुनिया में कदम रख दिया है। प्रशासनिक सेवा से स्वैच्छिक इस्तीफा देने के बाद उन्होंने बुधवार को आधिकारिक रूप से अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘जन नीति भारत’ (Jan Niti Bharat) के गठन की घोषणा कर दी है।
खास बात यह है कि उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत के लिए मीरजापुर सदर विधानसभा सीट को चुना है, जहां वे पहले जिलाधिकारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
प्रशासनिक सेवा के बाद राजनीतिक पारी
2013 बैच की आईएएस अधिकारी रहीं दिव्या मित्तल ने करीब 13 वर्षों की लंबी और बेदाग प्रशासनिक सेवा के बाद नौकरी से इस्तीफा दे दिया था। मीरजापुर और देवरिया जैसे प्रमुख जिलों में जिलाधिकारी की जिम्मेदारी निभा चुकीं दिव्या मित्तल अपने कार्यकाल के दौरान जनहित के फैसलों और सख्त प्रशासनिक रुख के चलते हमेशा चर्चा में रहीं।
पार्टी के ऐलान के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य उद्देश्य जनता को सीधे निर्णय प्रक्रिया से जोड़ना और जमीनी स्तर पर पारदर्शी व्यवस्था कायम करना है। उन्होंने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।
ये भी पढ़े- UP पंचायत चुनाव: High Court का आयोग को आदेश,तीन महीने में कराएं मतदान
मीरजापुर से पुराना नाता
मीरजापुर जिले से पूर्व आईएएस अधिकारी का गहरा भावनात्मक जुड़ाव रहा है। बतौर डीएम अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई ऐसे ऐतिहासिक और विकासात्मक कार्य किए, जिन्हें आज भी लोग याद करते हैं। राजनीति में आने के उनके इस फैसले से उत्तर प्रदेश की सियासत में नए समीकरणों की चर्चा शुरू हो गई है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि एक तेज-तर्रार पूर्व नौकरशाह के मैदान में आने से आगामी चुनावों में मुकाबला और अधिक दिलचस्प हो सकता है।
ये भी पढ़े- LDA के विशेष कैम्प में 93 आवंटियों ने कराई Registry





