UP News: सिल बट्टे से पत्नी का सिर कुचलकर हत्या, बच्चों को कमरे में बंदकर पति फरार

Rampur News: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात आई है। जिले के स्वार कोतवाली क्षेत्र के मसवासी चौकी अंतर्गत एक घर में मामूली बात पर उपजे विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां गुस्से से आग-बबूला हुए पति ने घर में रखे सिलबट्टे से ताबड़तोड़ वार कर अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी।

सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मृतका के लहूलुहान शव और अपने दोनों मासूम बच्चों को एक कमरे में बाहर से ताला लगाकर मौके से फरार हो गया।

मामूली बात पर हुआ था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मसवासी क्षेत्र के सीतारामपुर गांव निवासी धर्मेंद्र सैनी का रविवार रात किसी बात को लेकर अपनी 35 वर्षीय पत्नी रीना सैनी से मामूली विवाद हो गया था। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में नियंत्रण खो चुके धर्मेंद्र ने घर के अंदर रखे सिलबट्टे को उठाया और रीना के सिर पर ताबड़तोड़ कई गंभीर वार कर दिए। सिर पर गहरी चोट लगने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण रीना की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

शव और बच्चों को बंद कर भागा आरोपी

हत्या की इस जघन्य वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने क्रूरता की हदें पार करते हुए अपनी पत्नी के शव और घर में मौजूद दोनों छोटे बच्चों को एक ही कमरे में बंद कर दिया और बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। इसके बाद आरोपी गांव में ही एक दुकानदार के पास पहुंचा और उसे घटना की जानकारी दी। दुकान मालिक ने तुरंत इसकी सूचना ग्राम प्रधान पति को दी, जिसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी मिली।

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (CO) टांडा पंकज पंत और स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने ताला तोड़कर कमरे से महिला के शव को बाहर निकाला और स्थिति का जायजा लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और वीडियोग्राफी की।

पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

ये भी पढ़े-नोएडा सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से कूदा शख्स, मौत से मचा हड़कंप; VIDEO आया सामने…

Back to top button