
UP News: गोरखपुर में खाकी हुई शर्मसार; 10 साल की बच्ची से हैवानियत के बाद हत्या
गोरखपुर जिला अस्पताल से 10 साल की मासूम बच्ची को अगवा कर उसकी हत्या करने वाले डायल 112 के सिपाही अभिषेक यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
UP News: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से खाकी को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जिला अस्पताल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई 10 साल की मासूम बच्ची का शव पुलिस ने नदी से बरामद कर लिया है। इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने वाला कोई और नहीं, बल्कि यूपी पुलिस की डायल 112 में तैनात एक सिपाही निकला।
पुलिस ने आरोपी सिपाही अभिषेक यादव को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर चिउटहा पुल के पास नदी से बच्ची की लाश बरामद की गई है।
घर छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठया
पीड़ित परिवार मूल रूप से आजमगढ़ का रहने वाला है और अपनी बड़ी बेटी के इलाज के सिलसिले में गोरखपुर के जिला अस्पताल आया था। 28 जुलाई की रात करीब 10 बजे परिवार की 10 वर्षीय छोटी बेटी दीपिका अस्पताल से घर लौटने लगी।
इसी दौरान वर्दी पहने सिपाही अभिषेक यादव ने बच्ची को घर छोड़ने का झांसा देकर अपनी अपाचे बाइक पर बैठा लिया। जब बच्ची घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की और पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने करीब 200 CCTV कैमरों की जांच की और बाइक नंबर के आधार पर गाजीपुर निवासी आरोपी सिपाही तक पहुंची।
पहले भी जेल जा चुका है आरोपी
गोरखपुर के एसएसपी (SSP) डॉ. कौस्तुभ के अनुसार, आरोपी सिपाही अभिषेक यादव का आपराधिक रिकॉर्ड बेहद दागदार रहा है। आरोपी सिपाही 3 फरवरी 2025 को एक युवती के साथ रेप के मामले में निलंबित होकर जेल जा चुका है। वह सितंबर 2025 में ही जमानत पर जेल से बाहर आया था और डायल 112 में तैनात था। प्रारंभिक पूछताछ में मासूम बच्ची के साथ दुर्व्यवहार और शारीरिक हिंसा किए जाने की बात सामने आई है।
ये भी पढ़े-Lucknow RTO में सर्वर संकट, चार घंटे तक अटकी रहीं ड्राइविंग लाइसेंस की सेवाएं…
NSA के तहत होगी कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ बेहद सख्त रुख अपनाया है। आरोपी सिपाही को पुलिस विभाग से बर्खास्त करने के लिए शासन को सिफारिश भेजी जा रही है। आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की जाएगी। मामले को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाकर आरोपी को जल्द से जल्द सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।
ये भी पढ़े-UP News: उरई नगर पालिका में जांच करने पहुंचे IAS रिंकू सिंह राही, EO से हुई तीखी बहस
अस्पताल जैसी सुरक्षित जगह से खाकी वर्दीधारी द्वारा ही इस तरह की खौफनाक वारदात को अंजाम दिए जाने से लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि इस तरह की विकृत और दूषित मानसिकता वाले सिपाही के खिलाफ कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
ये भी पढ़े-UP News: ड्रिप लगी थी फिर भी भूले मर्यादा, इमरजेंसी वार्ड में प्रेमी-प्रेमिका का रोमांस Video…





