
आपदा में अवसर! 36 हजार करोड़ का एक्सप्रेसवे बन तालाब, मछली पकड़ने पहुंचे लोग
Ganga Expressway: उत्तर प्रदेश की महत्वाकांक्षी और करीब 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित गंगा एक्सप्रेसवे परियोजना एक बार फिर सुर्खियों में है। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते उन्नाव जिले के दही थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनिक वसीरतगंज स्थित एग्जिट टोल प्लाजा पर भीषण जलभराव हो गया है।
बारिश के कारण मेरठ से प्रयागराज जाने वाले इस एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा और उससे सटी सर्विस रोड पर करीब तीन फीट तक पानी जमा हो गया है। सड़क पर आए इस पानी के बीच स्थानीय लोग जाल डालकर मछलियां पकड़ते नजर आ रहे हैं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
36 हजार करोड़ का एक्सप्रेसवे जलमग्न
उन्नाव के सोनिक एग्जिट टोल प्लाजा पर हुए जलभराव से एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी इतना गहरा भर गया कि कई दोपहिया वाहन पानी में बंद हो गए, जिन्हें लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।
जलभराव के चलते रविवार को इस टोल से वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा और ट्रैफिक को अन्य डायवर्जन से निकालना पड़ा। करीब 594 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे के निर्माण गुणवत्ता और ड्रेनेज सिस्टम पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, क्योंकि बारिश का पानी टोल केबिनों के अंदर तक पहुंच गया था।
ये भी पढ़े-भगत सिंह जयंती: CM योगी ने लिखी ‘योगी की पाती’, युवाओं से की किताबों को दोस्त बनाने की अपील
जल निकासी के लिए जुटे ट्रैक्टर
टोल प्लाजा पर जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए कार्यदायी संस्था के कर्मचारी और राहत दल कई घंटों तक जद्दोजहद करते रहे। पानी की निकासी के लिए आधा दर्जन से ज्यादा ट्रैक्टर और भारी पंप सेट लगाए गए, लेकिन लगातार हो रही बारिश की वजह से जलस्तर कम करने में काफी मुश्किलें पेश आईं।
कार्यदायी संस्था के अधिकारियों का कहना है कि पास में मौजूद हाईटेंशन विद्युत लाइन की कम ऊंचाई के कारण ड्रेनेज इंफ्रास्ट्रक्चर की ऊंचाई सीमित रखी गई थी, जिसे जल्द ही दुरुस्त किया जाएगा। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर लोगों को पानी वाले इलाके से दूर हटाया है।
ये भी पढ़े-मायावती का बड़ा संगठनात्मक फैसला, BSP 3 सेक्टर में बंटी; यूपी-उत्तराखंड सीधे निगरानी में





