
UP में 42 लाख बिजली उपभोक्ताओं ने लगाया करोड़ों का चूना
UP News: उत्तर प्रदेश में बिजली बिल जमा न करने वाले बकायेदारों के खिलाफ उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) ने सख्त कदम उठाना शुरू कर दिया है। राज्य में लगभग 42,86,703 बिजली उपभोक्ता ऐसे चिन्हित किए गए हैं, जिन्होंने कनेक्शन लेने के बाद से आज तक एक बार भी अपने बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है।
इन उपभोक्ताओं पर पावर कॉरपोरेशन का कुल 3,617 करोड़ रुपये का राजस्व बकाया है। बकाये की रिकवरी के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उपभोक्ताओं को सीधे फोन कर तत्काल भुगतान करने और कनेक्शन कटने की चेतावनी देना शुरू कर दिया है।
पूर्वांचल में सबसे ज्यादा बकायेदार
पावर कॉरपोरेशन के अगस्त 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में कुल 3.61 करोड़ बिजली उपभोक्ता पंजीकृत हैं। शुरुआत में ऐसे उपभोक्ताओं की संख्या 56.65 लाख थी, जिन्होंने कभी बिल नहीं भरा था। इनमें से 13.78 लाख लोगों ने नोटिस मिलने के बाद भुगतान कर दिया या उनके कनेक्शन काट दिए गए। अब शेष बचे 42.86 लाख बकायेदारों में सबसे बड़ी संख्या पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम क्षेत्र की है।
-
पूर्वांचल डिस्काउन्ट: 20.67 लाख उपभोक्ता
-
मध्यांचल डिस्काउन्ट: 14.60 लाख उपभोक्ता
-
दक्षिणांचल डिस्काउन्ट: 6.47 लाख उपभोक्ता
-
पश्चिमांचल डिस्काउन्ट: 1.11 लाख उपभोक्ता
-
केस्को (कानपुर): 631 उपभोक्ता
प्रयागराज में वसूली अभियान तेज
बकाया वसूली अभियान के तहत प्रयागराज समेत प्रदेश के कई जिलों में एसडीओ (SDO) कार्यालयों से बिजली कर्मचारी बकायेदारों के पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर संपर्क साध रहे हैं। कर्मचारियों द्वारा उपभोक्ताओं को चेताया जा रहा है कि यदि वे जल्द से जल्द अपना बकाया बिल जमा नहीं करते हैं, तो बिना किसी अग्रिम नोटिस के उनके बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
ये भी पढ़े-आकाश की वापसी तभी, जब अशोक सिद्धार्थ लें राजनीतिक संन्यास: मायावती
उपभोक्ता परिषद ने की दोहरी अपील
राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर बिलों का भुगतान करें ताकि प्रदेश में विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था दुरुस्त रहे। इसके साथ ही उन्होंने पावर कॉरपोरेशन से मांग की है कि हजारों उपभोक्ता गलत और अत्यधिक बढ़कर आए बिजली बिलों के कारण भुगतान नहीं कर पा रहे हैं। विभाग को पहले इन गड़बड़ियों को ठीक करना चाहिए ताकि सही बिल मिलने पर लोग आसानी से भुगतान कर सकें।





