6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों का रिजल्ट-घोसी विधानसभा उपचुनाव की मतगणना जारी, समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आगे
उपचुनाव: 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के आज नतीजे आएंगे। इन सीटों पर 5 सितंबर को वोटिंग हुई थी। इनमें उत्तर प्रदेश की घोसी, उत्तराखंड की बागेश्वर, बंगाल की धुपगुड़ी, झारखंड की डुमरी, केरल की पुथुप्पली और त्रिपुरा की धनपुर और बॉक्सानगर सीट शामिल हैं।

इलेक्शन कमीशन की वेबसाइट के मुताबिक, सुबह 10 बजे तक UP की घोसी सीट से समाजवादी पार्टी (SP) के कैंडिडेट सुधाकर सिंह भाजपा के दारा सिंह चौहान से 1300 से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। उत्तराखंड की बागेश्वर सीट से भाजपा की पार्वती दास कांग्रेस के बसंत कुमार से 476 वोटों से आगे चल रही हैं।
उत्तर प्रदेश की घोसी सीट: भाजपा और सपा के बीच मुकाबला उत्तर प्रदेश की घोसी सीट पर भाजपा के दारा सिंह और सपा के सुधाकर सिंह के बीच मुकाबला है। जुलाई में समाजवादी पार्टी के विधायक दारा सिंह चौहान के इस्तीफा देने के बाद घोसी सीट खाली हुई थी। दारा सिंह ने सपा छोड़कर भाजपा जॉइन कर ली थी। अब उन्होंने भाजपा के टिकट पर दोबारा चुनाव लड़ा है।
बीजेपी त्रिपुरा की दो और झारखंड की एक सीट पर आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस उत्तराखंड और केरल की सीट पर आगे है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की घोसी सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी भाजपा से आगे चल रहे हैं। बंगाल के आंकड़े अभी नहीं आए हैं।
इन 7 विधानसभा सीटों में से 5 सीट- घोसी (यूपी), बागेश्वर (उत्तराखंड), डुमरी (झारखंड), बॉक्सानगर और धनपुर (त्रिपुरा) पर I.N.D.I.A गठबंधन एक साथ चुनाव लड़ रहा है। बंगाल के धुपगुड़ी और केरल के पुथुपल्ली सीट पर I.N.D.I.A गठबंधन की पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ चुनावी मैदान में हैं।
झारखंड की डुमरी सीट से NDA की कैंडिडेट यशोदा देवी I.N.D.I.A गठबंधन की प्रत्याशी और मंत्री बेबी देवी से करीब 1200 से ज्यादा वोटों से बढ़त बनाए हुई हैं। यशोदा देवी AJSU की प्रत्याशी हैं, जिन्हें भाजपा ने समर्थन दिया है।
त्रिपुरा की बॉक्सानगर सीट से BJP के तफज्जल हुसैन CPI (M) के मिजान हुसैन से 25 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। त्रिपुरा की धनपुर सीट से भाजपा के बिन्दू देबनाथ अपने CPI (M) के प्रतिद्वंदी कौशिक चंद्रा से करीब 6 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं।
केरल की पुथुप्पली सीट से कांग्रेस के चांडी ऑमान CPI (M) के जैक सी थॉमस से करीब 11 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रहे हैं। वहीं पश्चिम बंगाल की धुपगुड़ी सीट के रुझान अभी सामने नहीं आए हैं।
डुमरी सीट से छह उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें I.N.D.I.A ब्लॉक की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की तरफ से बेबी देवी और NDA गठबंधन की पार्टी ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (AJSU) की यशोदा देवी के बीच अहम मुकाबला माना जा रहा है। अब तक के रुझानों में NDA प्रत्याशी आगे है।
