
Ayodhya: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अयोध्या यात्रा, उतारी रामलला की आरती
Ayodhya: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार की सुबह अयोध्या में रामलला की श्रृंगार आरती में हिस्सा लिया। अपने परिवार के साथ सुबह 5:45 बजे राम मंदिर पहुंची वित्त मंत्री ने आधे घंटे हुई विशेष आरती में हिस्सा लिया।
Ayodhya: भारत की सांस्कृतिक राजधानी कही जाने वाली प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में गुरुवार का दिन अत्यंत पावन रहा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने परिवार संग प्रभु श्रीरामलला की आरती उतारी और श्रीराम दरबार व जगज्जननी मां दुर्गा के दर्शन किए। अपने परिवार के साथ सुबह 5:45 बजे राम मंदिर पहुंची वित्त मंत्री ने आधे घंटे हुई विशेष आरती में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने कुबेर टीला स्थित देवाधिदेव महादेव का रुद्राभिषेक भी किया।
आरती के बाद उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारियों से मुलाकात कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में होने वाले ध्वजारोहण समारोह की तैयारियों पर चर्चा की।बैठक में राम मंदिर भवन निर्माण समिति अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र और श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय भी मौजूद रहे।
इस दौरान प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही मौजूद रहे। मंदिर परिसर में चल रही तैयारियों का जायजा लेते हुए उन्होंने व्यवस्था की सराहना की और कहा कि ध्वजारोहण समारोह के आयोजन में समरसता व सांस्कृतिक गौरव का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।





