UP News: ऑनर किलिंग से मची सनसनी, बेटी की हत्या कर पिता ने खेत में दफनाई लाश

Aligarh Honor Killing: अलीगढ़ के जरारा गांव में प्रेम प्रसंग से नाराज पिता पूरन सिंह ने अपनी बेटी शिवानी की बेरहमी से हत्या कर शव खेत में दफना दिया.

Aligarh Honor Killing: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले से रिश्तों को कलंकित करने वाली एक सनसनीखेज और दिलदहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां के खैर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव जरारा में एक पिता ने तथाकथित सामाजिक प्रतिष्ठा के नाम पर अपनी ही 21 वर्षीय जवान बेटी की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, जघन्य अपराध को छिपाने के लिए आरोपी पिता ने बेटी के शव को अपने ही खेत में गहरा गड्ढा खोदकर दफना दिया। युवती का कसूर सिर्फ इतना था कि वह पड़ोसी युवक से प्यार करती थी और उससे शादी करने की जिद पर अड़ी हुई थी।

बेनकाब हुआ कातिल पिता

आरोपी पिता अपने इस खौफनाक राज को छुपाने में कामयाब हो जाता, लेकिन मृतका की मां की सजगता ने उसकी साजिश को नाकाम कर दिया. शिवानी के अचानक गायब होने के बाद जब उसकी मां खेत की तरफ गई, तो वहां संदिग्ध रूप से खुदी हुई मिट्टी देखकर उसे गहरा शक हुआ. मां को भांपते देर नहीं लगी कि उसकी बेटी के साथ कोई अनहोनी हुई है. उन्होंने बिना वक्त गंवाए तुरंत स्थानीय खैर थाना पुलिस को मामले की सूचना दी.

प्रशासन की मौजूदगी में निकाला गया शव

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया. पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे. कानूनी नियमों के तहत मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में संदिग्ध स्थान पर खुदाई शुरू करवाई गई. कुछ ही देर की खुदाई के बाद जमीन के नीचे से 19 वर्षीय शिवानी का शव बरामद कर लिया गया, जिसे देखकर वहां मौजूद हर किसी की रूह कांप गई.

ये भी पढ़े- Lucknow News: भ्रष्टाचार के आरोप लगाने वाले सिपाही सस्पेंड, अपने ही विभाग के खिलाफ खोला था मोर्चा

आरोपी पिता हिरासत में

एसपी ग्रामीण मनीष कुमार मिश्रा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है. मुख्य आरोपी पिता पूरन सिंह जाटव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

ये भी पढ़े- Lucknow News: सगाई के 4 दिन बाद युवती की हत्या, जंगल में मिली उसकी बॉडी!

Back to top button