
UP चुनाव का ताजा सर्वे: BJP गठबंधन को बंपर सीटें, जानिए सपा-कांग्रेस का आंकड़ा
UP Election Survey 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक तापमान अभी से चढ़ने लगा है। भारतीय जनता पार्टी, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस सहित तमाम प्रमुख दल अपनी-अपनी तैयारियों और रणनीतियों को धार देने में जुट गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रही सरकार के कार्यकाल के बीच प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर ताजा चुनावी सर्वे (ओपिनियन पोल) सामने आया है। न्यूज लीडर और मैटराइज द्वारा किए गए इस सर्वे के आंकड़े बता रहे हैं कि अगर आज चुनाव होते हैं तो राज्य में एक बार फिर भाजपा गठबंधन भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी कर सकता है।
फिर बन सकती है BJP की सरकार
ताजा सर्वे के नतीजों के मुताबिक, 403 सदस्यों वाली उत्तर प्रदेश विधानसभा में भाजपा नीत एनडीए गठबंधन को 267 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है। इसमें से केवल भारतीय जनता पार्टी अपने दम पर 246 सीटों पर जीत दर्ज करती दिख रही है। एनडीए के सहयोगी दलों की बात करें तो अपना दल (सोनेलाल) को 9 सीटें, निषाद पार्टी को 4 सीटें, राष्ट्रीय लोक दल (RLD) को 3 सीटें और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) को 1 सीट मिलने की संभावना जताई गई है।
सपा गठबंधन को 132 सीटें
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बात करें तो समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के खाते में कुल 132 सीटें जाती दिख रही हैं। इसमें अकेले समाजवादी पार्टी के 125 उम्मीदवार जीत दर्ज कर सकते हैं, जबकि उसकी सहयोगी कांग्रेस पार्टी को महज 7 सीटों से संतोष करना पड़ सकता है।
बहुजन समाज पार्टी (BSP) के लिए यह सर्वे निराशाजनक संकेत दे रहा है, जहां पार्टी को मात्र 2 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं निर्दलीय और अन्य छोटे दलों के खाते में भी 2 सीटें जाती दिखाई दे रही हैं।
जानिए किसको कितना प्रतिशत वोट
सीटों के अलावा वोट प्रतिशत के आंकड़ों में भी दोनों बड़े गठबंधनों के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। सर्वे के अनुसार, भाजपा गठबंधन को राज्य में लगभग 44 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान है। दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन को 38 प्रतिशत वोट शेयर मिल सकता है।
दोनों प्रमुख प्रतिद्वंद्वियों के बीच 6 फीसदी का यह बड़ा अंतर चुनावी नतीजों को एकतरफा बनाने में अहम भूमिका निभा सकता है। वहीं बसपा को मात्र 0.8 प्रतिशत वोट मिलने का अनुमान जताया गया है, जबकि अन्य के खाते में 10 प्रतिशत वोट शेयर जा सकता है।





