Sawan 2025: सावन के पहले दिन CM Yogi ने किया रुद्राभिषेक, गोरखनाथ मंदिर में वैदिक गूंजे मंत्र

Sawan 2025: सावन के पहले दिन सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। उन्होंने X पर तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए सभी को श्रावण मास की शुभकामनाएं दीं।

Sawan 2025: सावन के पहले दिन यूपी के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार सुबह रुद्राभिषेक और हवन किया। रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कर उन्होंने भगवान शिव से सभी के कल्याण और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर के अपने आवास पर शक्तिपीठ में भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया। सीएम योगी के द्वारा रुद्राभिषेक का यह अनुष्ठान हवन के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर सीएम योगी ने अपने आधिकारिक X हैंडल से एक श्लोक के साथ तस्वीरें और वीडियो पोस्ट किया।

प्रदेशवासियों के लिए सुख-समृद्धि की कामना

सीएम योगी ने बिल्व पत्र, दुर्वा, मदार पत्र, कमल पुष्प और अन्य पूजन सामग्री अर्पित की, फिर जल, दूध और मौसमी फलों के रस से अभिषेक किया। मठ के विद्वान आचार्यों और पुरोहितों ने शुक्ल यजुर्वेद के रुद्राष्टाध्यायी मंत्रों के साथ रुद्राभिषेक संपन्न कराया। रुद्राभिषेक अनुष्ठान के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के आरोग्यमय, सुखमय, समृद्धमय व शांतिमय जीवन की मंगलकामना की।

बाबा विश्वनाथ मंदिर में भक्तों की भीड़

आज से सावन का पवित्र महीना शुरू हो गया है, जो भगवान शिव की पूजा के लिए खास है। वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी हैं। इस बार सावन में चार सोमवार आएंगे, और हर सोमवार को बाबा विश्वनाथ का अलग-अलग शृंगार होगा। काशी विश्वनाथ धाम में भक्तों की सुविधा के लिए पांच जगहों पर मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं, जहां डॉक्टर तीन पालियों में उपलब्ध हैं।

लोधेश्वर, गोला और कानपुर के परमट मंदिर में भी भक्त सुबह से दर्शन के लिए कतार में खड़े हैं। राज्य के अन्य शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। कई भक्तों ने पंडितों के साथ शिव महाभिषेक, महामृत्युंजय जाप और रुद्राभिषेक किया। सावन के पूरे महीने सभी शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना होगी।

Back to top button