Bihar में निर्माणाधीन पुल का बीम लॉन्चर गिरा, मलबे में तब्दील हुआ स्ट्रक्चर

Vaishali Bridge Collapse: बिहार के वैशाली जिले से एक बार फिर निर्माणाधीन पुल का ढांचा गिरने की खबर सामने आई है। लालगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंडक नदी पर बन रहे पुल के निर्माण कार्य के दौरान भारी-भरकम ‘बीम लॉन्चर’ (लॉन्चिंग गर्डर) अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। इस हादसे में लाखों रुपये की मशीनरी और बीम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय नीचे कोई मजदूर या राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

अनियंत्रित होकर गिरा बीम लॉन्चर

स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुल के खंभों (पिलर्स) के ऊपर बीम सेट करने का काम चल रहा था। इसी दौरान क्रेन और लॉन्चर का संतुलन अचानक बिगड़ गया, जिससे बीम लॉन्चर तेज आवाज के साथ धड़ाम से नीचे आ गिरा। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद निर्माण स्थल पर काम कर रहे कर्मियों में हड़कंप मच गया और काम को रोक दिया गया।

गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल

बिहार में पिछले कुछ समय में कई निर्माणाधीन पुलों और उनके ढांचों के गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में लालगंज में हुए इस हादसे ने एक बार फिर निर्माण की गुणवत्ता और संबंधित ठेकेदार कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी और तकनीकी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।

ये भी पढ़े-बिहार में कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर

अधिकारियों ने लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पथ निर्माण विभाग (RCD) और संबंधित एजेंसी के तकनीकी अधिकारियों को घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि लॉन्चर गिरने के तकनीकी कारणों की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाई जाने वाली कार्यदायी संस्था या अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़े-वॉशिंग मशीन वाली रिश्वतखोर DCLR पर शिकंजा, खातों में मिले 10.27 लाख रुपये

Back to top button