
लखनऊ में गूंजा वन्दे मातरम्, 5,898 प्रतिभागियों ने एक साथ गायन कर रचा इतिहास
Lucknow News: राष्ट्रीय गीत ‘वन्दे मातरम्’ की रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम क्षेत्र में एक अभूतपूर्व और भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जानकीपुरम स्थित सरस्वती बालिका विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय द्वारा आयोजित इस सामूहिक वन्दे मातरम् गायन में कुल 5,898 प्रतिभागियों ने एक साथ राष्ट्रगीत का स्वर मिलाकर राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और मातृभूमि के प्रति अगाध सम्मान का संदेश दिया।
समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता
इस विशाल आयोजन में जानकीपुरम और आसपास के क्षेत्रों के कई प्रतिष्ठित स्कूलों तथा शैक्षणिक संस्थानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, पूर्व छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों की भारी मौजूदगी रही।
आयोजन में मुख्य रूप से सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, पायनियर मॉन्टेसरी स्कूल, एस.पी.जी. अकादमी, टाइम्स टॉट्स कॉन्वेंट स्कूल रसूलपुर, सिटी पब्लिक स्कूल, महाराजा अग्रसेन स्कूल, स्टडी जोन स्कूल, एकता विद्यालय इंटर कॉलेज, एस.डी. मेमोरियल पब्लिक स्कूल, शांति शिव नारायण गुप्ता मेमोरियल स्कूल, करियर कॉन्वेंट पब्लिक स्कूल, महात्मा बुद्ध मेमोरियल स्कूल, इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल और आरपीएम अकादमी कुर्सी रोड के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न विद्यालयों से 47 से लेकर 1,078 तक की संख्या में प्रतिभागियों ने आकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
नई पीढ़ी में राष्ट्रीय चेतना जगाने का प्रयास
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार वन्दे मातरम् केवल एक गीत नहीं बल्कि भारत की राष्ट्रीय चेतना, अखंडता और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना का प्रतीक है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना और उनमें राष्ट्रप्रेम, अनुशासन तथा सामाजिक सौहार्द की भावना को सुदृढ़ करना था। पूरे प्रांगण में हजारों विद्यार्थियों की एक साथ गूंजती आवाज ने राष्ट्रभक्ति का अनुपम वातावरण निर्मित कर दिया।
प्राचार्य श्रीमती सुधा तिवारी ने व्यक्त किया आभार
कार्यक्रम का सफल संयोजन और संचालन सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, जानकीपुरम की प्राचार्य श्रीमती सुधा तिवारी के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस गौरवमयी अवसर पर प्राचार्य ने कहा कि इतने बड़े पैमाने पर सामूहिक गायन का आयोजन करना पूरे विद्यालय परिवार और लखनऊ वासियों के लिए अत्यंत गर्व का विषय है।
उन्होंने देश की एकता और सद्भाव को बनाए रखने के लिए सभी से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र निर्माण के संकल्पों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।





