वाराणसी-रांची वंदे भारत एक्सप्रेस का ब्रेक सिस्टम फेल, साढ़े 4 घंटे ट्रैक पर फंसी रही ट्रेन

Varanasi News: वाराणसी से रांची जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस (20888) का ब्रेक सिस्टम फेल होने से ट्रेन बिहार के रोहतास में साढ़े 4 घंटे खड़ी रही। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

Varanasi News: वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन से रांची जाने वाली प्रीमियम ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 20888) शुक्रवार शाम को एक बड़े तकनीकी हादसे का शिकार हो गई। डीडीयू-गया रेल सेक्शन पर शिवसागर और कुम्हउ रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रेन का ब्रेकिंग सिस्टम अचानक फेल हो गया, जिसके कारण ट्रेन साढ़े चार घंटे से अधिक समय तक सुनसान ट्रैक पर खड़ी रही।

देरी से खुली थी ट्रेन, रास्ते में हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस अपने तय समय से 10 मिनट की देरी से वाराणसी कैंट स्टेशन से रवाना हुई थी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU) जंक्शन पर शाम 4:45 बजे पहुंचने के बाद ट्रेन आगे बढ़ी, लेकिन गया जंक्शन पहुंचने से पहले ही रोहतास जिले में इसके ब्रेक सिस्टम में खराबी आ गई। आम दिनों में यह ट्रेन शाम 5:35 बजे तक इस रूट को पार कर जाती है, लेकिन खराबी के कारण इसे कुम्हउ स्टेशन के पास रोकना पड़ा।

यात्रियों को झेलनी पड़ी भारी परेशानी

ट्रेन के घंटों सुनसान जगह पर खड़े रहने के कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि ट्रेन में खाने-पीने का सामान और पानी खत्म हो गया था, जिससे बच्चे और बुजुर्ग परेशान होते रहे।

सासाराम से बुलाई गई तकनीकी टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए सासाराम स्टेशन से रेलवे की तकनीकी टीम को मौके पर भेजा गया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने खराबी को आंशिक रूप से ठीक किया और ट्रेन को रेंगते हुए सासाराम स्टेशन तक लाया गया। जो ट्रेन शाम 5:40 बजे सासाराम पहुंचने वाली थी, वह रात 10:54 बजे पहुंच सकी।

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के मुताबिक, ब्रेक सिस्टम की समस्या को पूरी तरह दुरुस्त करने के बाद ट्रेन को सुरक्षित आगे के सफर के लिए रवाना कर दिया गया है।

Back to top button