
लखनऊ में वीर बाल दिवस का आयोजन… सीएम योगी ने साहिबजादों के बलिदान को किया नमन
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को वीर बाल दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिरकत की और सिख समाज के बलिदान, साहस और देशभक्ति को नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के सिखों की भावनाओं और उनकी आवाज को गंभीरता से सुना और उनके अद्वितीय बलिदान के सम्मान में 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस घोषित किया।
सीएम योगी ने कहा कि यह फैसला केवल एक दिन घोषित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सिख इतिहास के उस गौरवशाली अध्याय को देशभर तक पहुंचाने का माध्यम है, जिसे लंबे समय तक अपेक्षित पहचान नहीं मिल सकी। उन्होंने कहा कि अब वीर बाल दिवस को पूरे देश में एक राष्ट्रीय कार्यक्रम के रूप में मनाया जा रहा है, जिससे नई पीढ़ी अपने गौरवशाली अतीत से जुड़ सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर बाल दिवस सिखों के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों—बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह—के अद्वितीय बलिदान की स्मृति का दिन है। बहुत कम उम्र में भी उन्होंने अत्याचार और अन्याय के सामने झुकने के बजाय धर्म, सत्य और मानवता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। यह बलिदान न केवल सिख समाज बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक विरासत, महापुरुषों और बलिदानियों को उचित सम्मान देने की दिशा में आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि चाहे कर्तारपुर कॉरिडोर हो या वीर बाल दिवस की घोषणा, यह सभी कदम सिख समाज के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता को दर्शाते हैं।
यह भी पढ़ें…
UP Cold Wave: घने कोहरे से बेहाल यूपी… 30 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, रात का पारा लुढ़का
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों और युवाओं ने वीर बाल साहिबजादों के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नाटकों और गीतों के माध्यम से उनके साहस और बलिदान की गाथा को जीवंत किया गया। सिख समाज के प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के लोगों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
यह भी पढ़ें…
माघ मेला में सुरक्षा को लेकर खास तैयारी; 20 वॉच टॉवर से होगी निगरानी
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि वीर बाल दिवस युवाओं को यह संदेश देता है कि राष्ट्र, धर्म और मानवीय मूल्यों की रक्षा के लिए त्याग, साहस और आत्मबल सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे वीर बाल साहिबजादों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और एक सशक्त व राष्ट्रभक्त भारत के निर्माण में योगदान दें।
यह भी पढ़ें…





