
Venezuela Earthquake: हर तरफ तबाही, भागते-जान बचाते लोग…,वेनेजुएला में कुदरत का कोहराम
Venezuela Earthquake: वेनेजुएला में 1 मिनट के भीतर आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो बैक-टू-बैक भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है। USGS ने 10 हजार से ज्यादा मौतों की आशंका जताई है।
Venezuela Earthquake: दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला से एक बेहद दर्दनाक और डराने वाली खबर सामने आ रही है। बुधवार शाम देश में महज 40 सेकंड के भीतर आए दो लगातार (बैक-टू-बैक) महाविनाशकारी भूकंपों ने भारी तबाही मचाई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) की शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, इस आपदा में मरने वालों की संख्या 10,000 के पार जा सकती है। हालात की गंभीरता को देखते हुए देश में आपातकाल (Emergency) घोषित कर दिया गया है।
मलबे में तब्दील हुई राजधानी काराकस
बुधवार की शाम वेनेजुएला के लोगों के लिए काल बनकर आई। देश में एक मिनट के भीतर धरती दो बार इतनी तेजी से कांपी की राजधानी काराकस समेत कई शहर मलबे के ढेर में तब्दील हो गए।
-
पहला झटका: भूकंप का पहला झटका 7.2 तीव्रता का था, जिसका केंद्र याराकुय राज्य के सैन फेलिप (मोरोन इलाके के पश्चिम) में था। यह केंद्र राजधानी काराकस से करीब 168 किलोमीटर दूर 22 किलोमीटर की गहराई पर था।
-
दूसरा झटका: ठीक 39 सेकंड बाद इससे भी भयानक 7.5 तीव्रता का दूसरा भूकंप आया। इसका केंद्र मोरोन से 16 किमी दक्षिण-पश्चिम में सिर्फ 10 किलोमीटर की गहराई पर था। कम गहराई होने के कारण इसने सबसे ज्यादा तबाही मचाई।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, इस आपदा में 10 हजार से ज्यादा लोगों की मौत होने की 44% आशंका है। वहीं, स्थिति और बिगड़ने पर यह आंकड़ा 1 लाख के पार जाने की संभावना भी 30% जताई गई है।
🚨 TRAGIC NEWS 🚨
Back-to-back powerful 7.2 and 7.5 magnitude earthquakes struck off the coast of Venezuela, causing many buildings to collapse.
The USGS has issued a preliminary estimate warning that the death toll could range from 10,000 to 100,000 casualties 💔 pic.twitter.com/TpNgizDYEc
— Megh Updates 🚨™ (@MeghUpdates) June 25, 2026
देश में आपातकाल लागू
भूकंप के तुरंत बाद वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश को संबोधित करते हुए आधिकारिक रूप से आपातकाल की घोषणा कर दी। सरकार ने राहत और बचाव कार्यों की कमान संभालने के लिए एक सैन्य जनरल को नियुक्त किया है।
गृह मंत्री डियोसदादो कैबेलो ने लोगों से तुरंत अपने घरों और इमारतों को छोड़ने की अपील की है। एहतियात के तौर पर प्रभावित इलाकों में पेट्रोल और गैस की सप्लाई बंद कर दी गई है ताकि मलबे के बीच आग लगने जैसी कोई दूसरी बड़ी दुर्घटना न हो। राजधानी काराकस के कई इलाकों में इमारतें पूरी तरह जमींदोज हो चुकी हैं और मलबे के नीचे से लोगों के चीखने-पुकारने और मदद मांगने की आवाजें आ रही हैं।
अगले एक हफ्ते तक आफ्टरशॉक्स का खतरा
यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया सैन डिएगो के जियोफिजिसिस्ट वाशन राइट के अनुसार, वेनेजुएला में खतरा अभी टला नहीं है। आने वाले एक हफ्ते तक इलाके में लगातार आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद के झटके) महसूस किए जा सकते हैं। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इन झटकों की तीव्रता रिएक्टर स्केल पर 3 से 4 हो सकती है, जबकि 5 तीव्रता तक के झटके आने की 90% संभावना है।
राहत और बचाव दल युद्ध स्तर पर मलबे को हटाने और जिंदगी बचाने की कोशिशों में जुटे हैं, हालांकि अभी तक सरकार की तरफ से मौतों का कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।





